
लखनऊ| कासगंज में हुई साम्प्रदायिक हिंसा के दौरान मारे गए चंदन गुप्ता का परिवार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार को मिला. पीड़ित परिवार की सीएम योगी से मुलाकात दोपहर लगभग 12.30 बजे उनके एनेक्सी स्थित ऑफिस में हुई. परिवार के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने लगभग 45 मिनट बिताए. सीएम से मिलने वालों में चंदन की बहन, मौसी सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल थे.
सीएम से मुलाकात के बाद चंदन की मौसी ने मीडिया को बताया कि परिवार ने मुख्यमंत्री से इस मामले में उचित कार्यवाई की मांग करते हुए एक लिखित ज्ञापन दिया है. उन्होंने बताया कि सीएम ने उन लोगों की सभी मांगे और व्यथा सुनने के बाद आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
सीएम से मिलकर बाहर निकलीं चंदन गुप्ता की बहन ने बताया कि उन लोगों ने चंदन को शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग भी रखी थी, जिसके बारे में सीएम योगी आदित्यनाथ चुप ही रहे. बहन ने कहा कि वे लोग नहीं जानते कि सीएम इस बारे में क्या फैसला लेने वाले हैं. उन्होंने बताया कि परिवार ने अपनी सारे मांगें लिखित में सीएम को सौंपी हैं. इस बीच मंगलवार की दोपहर पुलिस ने चंदन की हत्या में नामजद और कासगंज हिंसा के एक अन्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है. इसे भी पुलिस ने कासगंज के किसरोली रोड से दबिश के दौरान गिरफ्तार किया है.
https://rashtriyadinmaan.com
