
लखनऊ। भारत के समाजवादी प्रधानमंत्री श्री चन्द्रशेखर के विचारों पर केन्द्रित छठवीं पुस्तक का लोकार्पण 8 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री हृदयनारायण दीक्षित इस लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हाल में दिन के साढ़े 11 बजे से होने वाले इस समारोह में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुरेश खन्ना, श्री स्वामी प्रसाद मौर्य और श्री रमापति शास्त्री विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
चन्द्रशेखर ट्रस्ट के संरक्षक एवं विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने यह जानकारी दी है और बताया है कि चन्द्रशेखर ट्रस्ट का उद्देश्य है, समाजवादी प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के विचारों को जन जन तक पहुंचाना। इसके तहत पहली पुस्तक प्रकाशित की गयी, जनस्वाभिमान के प्रतीक पुरुष चन्द्रशेखर। दूसरी पुस्तक है, जननायक चन्द्रशेखर। तीसरी पुस्तक है, राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर।चौथी पुस्तक है, स्पीचेज इन पार्लियामेंट बाई चन्द्रशेखर दि ग्रेट।
श्री यशवंत सिंह ने बताया है कि पांचवीं पुस्तक – राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर – सन्सद में दो टूक (भाग एक ) – पूर्ण रूप से समाजवादी प्रधानमंत्री श्री चन्द्रशेखर के सन्सद के भाषणों पर आधारित है। छठवीं पुस्तक राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर – सन्सद में दो टूक (भाग दो) भी उनके सन्सद में दिए गए भाषणों पर ही केन्द्रित है।
श्री यशवंत सिंह ने बताया कि 8 जुलाई को समाजवादी प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की 11वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हाल में श्री चन्द्रशेखर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ – राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर – सन्सद में दो टूक ( भाग दो ) पुस्तक का लोकार्पण करेंगें।
https://rashtriyadinmaan.com
