लखनऊ| समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव उत्तर प्रदेश के साथ देश की राजनीति बदलेगा। समाजवादी पार्टी अकेले बहुमत में आती लेकिन अब कांग्रेस के साथ गठबंधन से हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। अब इसमें कोई दुविधा नहीं रही है। हमने दो कुनबों का गठबंधन नहीं किया है, यह दो युवाओं का गठबंधन है। इस गठबंधन से बदलाव और विकास की ताकतों को बल मिलेगा।
श्री यादव ने आज बाराबंकी जनपद में धुआंधार कई सभाएं कर कहा कि भाजपा कहती है कि किसानों का कर्ज माफ करेगी, लेकिन हमने तो सरकार बनते ही कर्ज माफ किया। आने वाले समय में किसानों की मदद के लिए और काम करेंगे। बीएसपी ने भी गरीबों को कुछ नहीं दिया। उसने मूर्ति निर्माण में जनता का पैसा बर्बाद किया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि 108 और 102 नं. एम्बूलेंस सेवा से लोगों को सुविधा मिली है। डायल 100 से लोगों को राहत मिली है। महिलाओं की सुरक्षा में 1090 सेवा है। प्रदेश के हर गरीब तक पेंशन योजना पहुंचाएंगे। एक हजार रूपये की पेंशन दी जाएगी। नई चीनी मिलें शुरू की गई है। उन्होंने कहा भाजपा ने नोटबंदी कर अर्थव्यवस्था चैपट की। लाइन में लगे कई लोगों की मौतें हुई तो उनकी मदद समाजवादियों ने की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भाजपा ने लोगों को धोखा देकर सरकार बनाई, बुआ जी भाजपा के साथ रक्षा बंधन मना चुकी हैं। मोदी जी कहते हैं समाजवादी नेता थाने चलाते हैं। लगता है वो पुलिस वालों को समाजवादियों की मदद करने को कह गए है। हम पुलिस को अमेरिका जैसी पुलिस की व्यवस्था देना चाहते है। पीएम हमसे झगड़ा करना चाहते हैं। बुआ जी कहती हैं विपक्ष में बैठना है। वे बीजेपी के साथ रक्षा बंधन मना चुकी हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जनता के सहयोग से भारी बहुमत की सरकार बनाने में सफलता प्राप्त करेगी।
https://rashtriyadinmaan.com
