मुख्यमंत्री ने 15 जून तक उ0प्र0 की सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने के निर्देश दिए


yogi-aditynath-1111
मुख्यमंत्री द्वारा लोक निर्माण विभाग के कार्याें की समीक्षा
विभागीय कार्याें में दागी फर्माें तथा आपराधिक, 
माफिया एवं भ्रष्ट छवि के ठेकेदारों को दूर रखा जाए
ई-टेण्डरिंग को लागू कर व्यवस्था को स्वच्छ, 
पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में मदद मिलेगी
लखनऊ:मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जून, 2017 तक उत्तर प्रदेश की सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्याें एवं परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्य भी प्रत्येक दशा में तय समय में पूरे होने चाहिए।
मुख्यमंत्री आज यहां शास्त्री भवन में लोक निर्माण विभाग के कार्याें की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय कार्यांे के निस्तारण में दागी फर्माें तथा आपराधिक, माफिया एवं भ्रष्ट छवि के ठेकेदारों को दूर रखा जाए। इनके स्थान पर अच्छी छवि तथा गुणवत्तापरक कार्य करने वाले लोगों को अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया में ई-टेण्डरिंग को लागू कर व्यवस्था को स्वच्छ, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव-गांव तक सड़क का नेटवर्क तैयार करना राज्य सरकार की वरीयताओं में शामिल है। इसे ध्यान में रखते हुए विभागीय अधिकारी कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि ग्रामीण इलाकों में व्यापक स्तर पर मार्गाें का निर्माण कराकर गांवों की जनता को आवागमन की सुविधा मिल सके।

Scroll To Top
Translate »