
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव कल दिनांक 20 दिसम्बर, 2016 को लखनऊ के सी0जी0 सिटी स्थित आई0टी0 सिटी परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
यह जानकारी आज यहां देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ में आई0टी0 सिटी की परिकल्पना की गई थी। 15 अक्टूबर, 2014 को मुख्यमंत्री द्वारा परियोजना का शिलान्यास किया गया था। परियोजना का साकार करने के लिए एक स्पेशल परपज वेहिकल ‘मैसर्स आई0टी0 सिटी एच0सी0एल0 आई0टी0 सिटी (लखनऊ) प्रा0लि0’ गठित किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि परियोजना 10 वर्षाें की अवधि में दो चरणों में पूरी की जानी है। पहले चरण में आधारभूत सुविधाओं का विकास, एंकर निवेशक द्वारा 30 एकड़ भू क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी इकाई की स्थापना तथा 10 एकड़ भू क्षेत्र में कौशल विकास केन्द्र की स्थापना की जानी है। एच0सी0एल0 द्वारा कौशल विकास केन्द्र का निर्माण तेजी से पूरा करके प्रशिक्षण कार्य भी आरम्भ कर दिया गया है। यहां प्रशिक्षित 190 छात्र, एच0सी0एल0 के पूर्णकालिक कर्मचारी बन चुके हैं। 180 छात्र आॅन-जाॅब प्रशिक्षण ले रहे हैं। तीसरे समूह के लिए 100 छात्रों का चयन भी हो चुका है। आने वाले वर्षाें में यहां प्रतिवर्ष
05 हजार से अधिक छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि आई0टी0 सिटी को भारत सरकार द्वारा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एस0ई0जेड0) का दर्जा दिया गया है। यहां स्थापित इकाइयों एस0ई0जेड0 के सभी लाभ एवं प्रोत्साहन मिलेंगे। इस परियोजना के माध्यम से लखनऊ 1500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा तथा लगभग 75 हजार व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय, इलाहाबाद के भवन का शिलान्यास करके युवा वर्ष में प्रदेश के नौजवानों को तोहफा देंगे।
सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इसी वर्ष जून में एक अधिसूचना के माध्यम से इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की गई थी। इस समय विश्वविद्यालय सी0पी0आई0 परिसर, एम0जी0 मार्ग, सिविल लाइन से संचालित है। राज्य सरकार द्वारा स्थापित यह विश्वविद्यालय आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केन्द्र होगा। यहां 12 स्कूलों तथा 114 केन्द्रों/विभागों के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष में करीब 294 करोड़ रुपए भूमि व्यवस्था के लिए तथा लगभग 49 करोड़ रुपए भवन निर्माण हेतु दिए गए हंै।
इस विश्वविद्यालय के प्रथम चरण में ह्यूमिनिटीज़, सोशल साइंस और इण्टरनेशनल तथा काॅमर्स एण्ड मैनेजमेंट से सम्बन्धित पाठ्यक्रमों को उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्रारम्भ किया गया है। द्वितीय एवं तृतीय चरण में बेसिक एण्ड इम्प्लाइड साइंसेज़, इनवायरमेण्टल एण्ड अर्थ साइंसेज़, इण्डियन एण्ड फाॅरेन लैंग्वेज, लीगल स्टडीज़, स्किल डेवलपमेण्ट एण्ड प्रोफेशनल स्टडीज़, इंजीनियरिंग शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, कृषि एवं आयुर्वेद आदि से सम्बन्धित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के भवन निर्माण हेतु 05 अरब 29 करोड़ 98 लाख रुपए से अधिक व्यय आएगा।
मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव 20 दिसम्बर, 2016 को लखनऊ में मण्डी परिषद की साढ़े 2900 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें करीब 1854 करोड़ रुपए की लागत की 3,176 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा करीब 1100 करोड़ रुपए की लागत की 2,021 शिलान्यास की परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसान वर्ष में ये परियोजनाएं प्रदेश की जनता को राज्य सरकार की तरफ से तोहफा है। इनसे ग्रामीण क्षेत्रों एवं किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
यह जानकारी देेते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किसान बाजार, लखनऊ, सैफई, झांसी, कन्नौज के अलावा विशिष्ट मण्डी स्थल, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, बांदा तथा महोबा को जनता को सौंपा जाएगा। इनके साथ ही, मुख्यमंत्री 2311 गांवों में जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत कराए गए कार्यों तथा 587 एग्रीकल्चर मार्केटिंग हब सहित बुन्देलखण्ड क्षेत्र में बनाए गए 79 ग्रामीण अवस्थापना केन्द्रों का लोकार्पण भी करेंगे। स्थानीय ए0पी0 सेन रोड पर नवनिर्मित बहुउद्देशीय भवन, नवीन मण्डी स्थल पयागपुर-बहराइच, उप मण्डी स्थल नवाबगंज-बरेली एवं वृन्दावन-मथुरा तथा जैथरा-एटा, मण्डी स्थल मोहनलालगंज-लखनऊ के साथ ही 183 बसावट के नवनिर्मित सम्पर्क मार्गों एव अतिथि गृह विल्सी-बदायूं का भी लोकार्पण किया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत चयनित 2000 गांवों का विकास कार्य, विशिष्ट आम मण्डी मलिहाबाद-लखनऊ, किसान बाजार-हरदोई, बहराइच, हापुड़, विशिष्ट आलू मण्डी कन्नौज, विशिष्ट लहसुन एवं सब्जी मण्डी, मैनपुरी, अतिथि गृह टूण्डला-फिरोजाबाद, अतिरिक्त मण्डी स्थल, आगरा, नवीन मण्डी स्थल बिसवां-सीतापुर तथा 12 मण्डी स्थलों पर सोलर पावर प्लाण्ट की स्थापना शामिल है।
मुख्यमंत्री 20 दिसम्बर, 2016 को प्रदेश की जनता को एस0जी0पी0जी0आई0 लखनऊ के नये ओ0पी0डी0 भवन को नये वर्ष के तोहफे के रूप में सौंपेंगे। इसके अलावा संस्थान का बहुमंजिला केन्द्रीय पुस्तकालय एवं सभागार काॅम्प्लेक्स भी लोकार्पित किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए शासन के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि प्रदेश सरकार एवं एस0जी0पी0जी0आई0 लखनऊ के अथक प्रयासों के फलस्वरूप नया ओ0पी0डी0 भवन निर्मित हो पाया है। 05 मंजिली इस इमारत में प्रथम से चतुर्थ तल तक 15 विभागों की ओ0पी0डी0 का निर्माण किया गया है, जिसमें कुल 144 कमरे बनाए गए हैं। इसी प्रकार 100.65 करोड़ रुपए की लागत से बहुमंजिला केन्द्रीय पुस्तकालय एवं सभागार काॅम्प्लेक्स बनाया गया है। इस परियोजना में पुस्तकालय भवन के अतिरिक्त 400 सीटों वाला एक सभागार तथा 150 सीटों वाले 04 लेक्चर हाॅल स्थापित किए गए हैं।
ज्ञातव्य है कि एस0जी0पी0जी0आई0 में प्रतिवर्ष लगभग 95 हजार नये मरीज तथा लगभग 3.90 लाख पुराने मरीज ओ0पी0डी0 में आते हैं। ओ0पी0डी0 में बढ़ते हुए मरीजों की संख्या को देखते हुए नये ओ0पी0डी0 भवन का निर्माण कराया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
