
मुख्यमंत्री का रोहतक, हरियाणा भ्रमण
ब्रहमलीन महन्त श्री चाँदनाथ योगी जी के स्मृति दिवस एवं बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय
के द्वितीय दीक्षान्त समारोह को सम्बोधित किया
लखनऊ: राष्ट्रधर्म से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता है। विश्वविद्यालयांे, शैक्षणिक संस्थानों को स्वच्छता मिशन, आयुष्मान भारत सहित विकास योजनाओं से जुड़ना चाहिये। गरीबी, आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, शैक्षिक अराजकता के खिलाफ सामूहिक तौर पर लडाई लड़नी होगी। शिक्षा के साथ संस्कार एवं संस्कृति का जुड़ाव होना अत्यंत ज़रूरी है। यदि शिक्षा हमको संस्कारी व स्वावलम्बी न बना सके, तो फिर शिक्षा का कोई अर्थ नहीं रह जाता है। हमारे कर्म हमेशा साथ चलते हैं। छात्र-छात्राओं को सम-विषम परिस्थितियों से बेहतर मुकाबला करने के लिये सशक्त बनना होगा।
उक्त उद्गार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ब्रहमलीन महन्त श्री चाँदनाथ योगी जी के स्मृति दिवस एवं बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय, अस्थल बोहर रोहतक, हरियाणा के द्वितीय दीक्षान्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये। मुख्यमंत्री ने ब्रहमलीन बाबा चाँदनाथ जी को श्रद्वाजंलि अर्पित करते हुये कहा कि उन्होंने कर्म एवं संस्कृति के माध्यम से सेवा का कार्य समर्पण और निष्काम भाव से पूरा किया। धर्म स्थल केवल उपासना का स्थल बनकर न रह जायें, बल्कि इन्हें शिक्षा, सेवा, स्वास्थ्य से जुड़े कार्याें को आगे बढ़ाना चाहिये। बाबा चाँदनाथ जी के सपने को साकार करते हुये बाबा बालकनाथ जी ने एक वर्ष में उनके कार्यों को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन समाधि/मंदिर के निर्माण की प्रगति की सराहना भी की।
मुख्यमंत्री ने ब्रहमलीन महन्त चाँदनाथ जी की प्रथम पुण्यतिथि पर दीक्षान्त समारोह के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि आगामी दीक्षान्त समारोहों में उपनिषदों के मंत्रों का वाचन विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा अवश्य कराया जाये। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा लिखित किताब ‘एक्जाम वारियर्स‘ की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुये |
सांसद श्री भूपेन्द्र सिंह यादव ने अपने सम्बोधन में ज्ञान एवं बोध में अंतर की जानकारी देते हुये कहा कि स्वामी चाँदनाथ जी ने सदैव निष्काम भाव से देश एवं समाज सेवा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं वरन खेल के मैदान में भी देश-विदेश में अपना परचम लहरा रहीं हैं, इसके लिये वह बधाई की पात्र हैं। गोरखपुर में एम्स की स्थापना के लिये उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को कर्मयोगी की संज्ञा से नवाजा। सहकारिता मंत्री हरियाणा श्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि बोहर में स्थापित मठ विश्वविद्यालय के रूप मेें पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी तथा प्रधानमंत्री जी के सपनों को साकार कर रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को गरीबों के लिये वरदान बताया। इस योजना से देश के 50 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित होंगे।
कुलाधिपति बाबा बालक नाथ जी ने श्रीयुत श्रेयोनाथ जी महाराज, बाबा मस्तनाथ जी का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा व समाज के हित में जिस वृक्ष का रोपण किया वह निरंतर प्रगति कर रहा है। महापुरुष आते हैं तथा राष्ट्र व समाज को एक नई दिशा व नई राह दिखाकर जाते हैं।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भारतीय परम्परा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन तथा विश्वविद्यालय गीत की प्रस्तुति के साथ किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं स्मारिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर कुलाधिपति ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय के दो छात्रों को महंत चाँदनाथ चेयर्स आफ एक्सीलेंस से दो विषयों क्रमशः सामाजिक विज्ञान तथा विज्ञान में पीएचडी की डिग्री के लिये ट्यूशन फीस माफ करने के साथ-साथ 30 माह तक 1500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड भी दिया जायेगा। इसके अतिरक्ति महंत चाँदनाथ मेमोरियल लेक्चर के तहत 31 हजार रुपए व 21 हजार रुपए के राज्य स्तरीय प्रथम व द्वितीय पुरस्कार दिये जायेंगे। लेक्चर में हरियाणा के सभी विश्वविद्यालय भाग लेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में नेचुरोपैथी एवं योग साइंस विभाग भी इस सत्र से आरम्भ किये जाने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महंत चाँदनाथ जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। उन्होंने महन्त चाँदनाथ जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
———-
https://rashtriyadinmaan.com
