
lucknow | प्रदेश में आए विनाशकारी तूफान से हुई तबाही के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक में अपना चुनाव प्रचार बीच में ही छोड़कर लौट रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सीएम शुक्रवार को देर रात आगरा पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लेंगे। इसके बाद वह कानपुर पहुंचेंगे। प्राकुतिक आपदा के समय कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने को लेकर सीएम योगी विपक्ष के निशाने पर थे।
बुधवार रात आए आंधी-तूफान से सूबे में भारी तबाही हुई है। इस तूफान में 75 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को फिर एलर्ट जारी किया है। सीएम योगी दो मई से कर्नाटक में बीजेपी के चुनाव प्रचार अभियान में व्यस्त हैं। इसलिए कांग्रेस, एसपी तथा बीएसपी सीएम पर लगातार हमले कर रही थी। एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि जनता ने उन्हें अपने प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि कर्नाटक की राजनीति के लिए। अगर वह इन हालातों में भी वापस नहीं आते हैं, तो फिर वह हमेशा के लिए वहीं अपना मठ बना लें।
इसी तरह कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने योगी पर निशाना साधते हुए कहा था कि यूपी में इतनी बड़ी तबाही हुई है और सैकड़ों जानें गई हैं लेकिन योगी यहां चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। सीएम योगी पर विपक्ष के लगातार हमलों से सरकार सहमी नजर आ रही है। विपक्ष के हमलों के बीच सीएम योगी ने कर्नाटक में अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर वापस लौटने का फैसला किया। वैसे उन्हें पाचं मई तक चुनाव प्रचार में रहना था। वह आज रात आगरा पहुंचेंगे। आगरा में ही तूफान सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। यहां 60 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इससे पहले सीएम ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को तूफान प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने और स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए थे।
https://rashtriyadinmaan.com
