राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अत्यन्त गम्भीर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने मेरठ में एक युवती के साथ बदमाशों द्वारा दुव्र्यवहार की घटना में उनसे मोर्चा लेने के दौरान शहीद हुए फौजी श्री वेदमित्र चैधरी के परिजनों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने श्री चैधरी की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इन घटनाओं के दोषियों के खिलाफ तत्काल ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाए, जिसका संदेश असामाजिक तत्वों को मिले और उनमें डर पैदा हो। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अत्यन्त गम्भीर है।
श्री यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में ‘1090’ वूमेन पावर लाइन सेवा संचालित है, जिसका वे भरपूर उपयोग कर रही हैं। यह सेवा अत्यन्त प्रभावी है और इसके माध्यम से बदमाशों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाती है।
श्री यादव ने सचेत किया कि ऐसी घटनाओं को रोकने में अक्षम तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं में तत्काल एफ0आई0आर0 दर्ज करने तथा नामजद दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
ज्ञातव्य है कि मेरठ में दो दिन पूर्व घटित इस घटना में कुछ बदमाश एक युवती को परेशान कर रहे थे। उसे बदमाशों से बचाने के लिए फौजी श्री वेदमित्र चैधरी अकेले ही भिड़ गए और हाथापाई के दौरान चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
https://rashtriyadinmaan.com
