सीएम योगी ने आगरा में 235 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया


CM_Yogi_Adityanath_in_Gujarat__1507881325

 

आगरा  |  सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ताजमहल पर न्यौछावर नजर आए। अपने आठ घंटे के आगरा दौरे में मुख्यमंत्री पूरी तरह पर्यटन और ताज के लिए समर्पित दिखे। उन्होंने ताजमहल को एकटक निहारा, पश्चिमी गेट पर झाड़ू लगाकर विश्व को स्वच्छता का संदेश दिया। सीएम ने कहा कि ताज अनमोल रत्न है। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हमारी सरकार बेहद गंभीर है। उन्होंने पर्यटकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की घटनाओं में पूरी सख़्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटन और शहर के विकास के लिए सीएम ने यहां 235 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।

प्रात: 08.25 बजे आगरा पहुंचे सीएम योगी ने ताजमहल से स्वच्छता का संदेश देने के बाद कहा कि हम इस तह में न जाएं कि ताज कब और कैसे बना। उसके संरक्षण-संवर्धन के लिए सबको आगे आना होगा। बाद में जीआईसी मैदान में आयोजित लोकार्पण और ऋण मोचन प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान सीएम ने जनसभा को संबोधित किया। कहा कि पूर्व सरकारों ने जाति की राजनीति कर सूबे के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर दिया। हम सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम आगरा की विरासत को विश्व पटल पर पुर्नस्थापित करने के लिए आए हैं। सीएम ने बिना किसी का नाम लिए पूर्ववर्ती सपा सरकार पर खूब तंज कसे। कहा कि आज लोगों को हमारे अयोध्या, काशी, चित्रकूट और आगरा आने पर आपत्ति हो रही है। वे टिप्पणियां कर रहे हैं। हमें ऐसे लोगों पर तरस आता है। यदि इन लोगों ने पहले ही विकास किया होता तो आज ऐसे हालात न होते। आज हमारा पर्यटन मंत्रालय प्रयास कर रहा है तो इन लोगों को कष्ट हो रहा है।

सीएम ने कहा कि 2800 करोड़ की लागत वाली गंगाजल परियोजना का लाभ अगले छह माह में आगरा को मिलेगा। उन्होंने यमुना की स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि यहां बड़ा एसटीपी स्थापित करके सारे नाले टेप किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में तीन-चार दंगे जरूर हुए। मगर हम बिना भेदभाव प्रदेश के विकास और 22 करोड़ लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूबे में धार्मिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। हमारी कोशिश है कि आगरा आने वाले मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन भी जाएं। उन्होंने 350 करोड़ से रबर चैक डैम और सिविल टर्मिनल के निर्माण का भरोसा भी दिलाया। कहा कि आगरा की प्रदेश व देश के अन्य क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी हो, इसके लिए कदम उठाए गए हैं।
राजकीय विमान से आगरा पहुंचे सीएम सबसे पहले नगला पैमा में यमुना में रबर चेक डैम के लिए प्रस्तावित स्थल देखने गए। फिर कछपुरा में प्रो-पूअर टूरिज्म के तहत होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण किया। स्कूली बच्चों से भी मिले। उन्होंने निर्माणाधीन पार्किंग स्थल, मुगलिया म्यूजियम देखा। कलाकृति ऑडीटोरियम में मोहब्बत द ताज का स्पेशल शो भी देखा।


Scroll To Top
Translate »