सीएम योगी ने किया सवाल पुलिस अधिकारी कर क्या रहे हैं? बढ़ते अपराध पर जताई नाराज़गी


सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि कैसे लखनऊ में एक हफ्ते में तीन डकैती की घटनाएं हो गई हैं। उनका हर कीमत पर जल्द खुलासा होना चाहिए। अपराधियों का पता लगाएं और उनके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करें। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि लखनऊ में हुई घटनाएं घुमंतू प्रवृत्ति के शातिर अपराधियों द्वारा अंजाम दी गई हैं। इस संबंध में पूरे लखनऊ जोन में रात दस बजे से सुबह चार बजे तक पुलिस की गश्त कराई जा रही है। सभी थानों में चेकिंग के साथ कांबिंग को कहा गया है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। अपराधी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में दुर्घटना के बाद डायल-100 वाहन द्वारा जख्मी युवक को अस्पताल न ले जाने की घटना पर भी नाराजगी व्यक्त की। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि पुलिस आम आदमी की सहायता-सेवा के लिए है और इतनी संवेदनहीनता कैसे हो सकती है। ऐसी घटनाओं से आम लोगों में पुलिस की छवि खराब होती है। अधिकारियों ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा जताया।
मुख्यमंत्री ने मथुरा पुलिस द्वारा अपराधियों पर कार्रवाई न करने और ‌वहां लगातार अपराध होने पर हैरत जताई। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि वहां लगतार घटनाएं हो रही हैं। वहां घटनाओं को पुलिस अधिकारी रोक नहीं पा रहे हैं। उन्होंने मथुरा में एनकाउंटर के दौरान पुलिस फायरिंग में बच्चे की मौत पर दुख व्यक्त किया और कहा कि आईंदा ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि मथुरा में मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के रिश्तेदार की हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा वहां कई और घटनाएं हुई हैं, जिन पर पुलिस न तो अंकुश लगा पाई और न ही उनका खुलासा हो सका।


Scroll To Top
Translate »