
नई दिल्ली | रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने पाकिस्तान की हिरासत में 60 घंटे बिताने के बाद लौटे विंग कमांडर अभिनंदन से अस्पताल में मुलाकात की है। एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने भी विंग कमांडर से मुलाकात की। डिफेंस मिनिस्टर ने शनिवार की दोपहर दिल्ली स्थित सेना के रिसर्च ऐंड रेफरल हॉस्पिटल पहुंचकर अभिनंदन का हालचाल लिया। इस दौरान उन्होंने विंग कमांडर के परिवार के सदस्यों से भी अस्पताल में मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक एयर चीफ धनोआ ने अलग से उनसे बात की। माना जा रहा है कि इस दौरान विंग कमांडर ने पाकिस्तान की हिरासत में बिताए गए वक्त के बारे में जानकारी दी। पाकिस्तान की हिरासत से शुक्रवार रात लौटने के बाद यहां अभिनंदन का मेडिकल चेकअप किया गया था। मेडिकल चेकअप में उन्हें पूरी तरह फिट पाया गया है। उन्हें रविवार तक अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
डिफेंस मिनिस्टर ने खुद अस्पताल पहुंचकर अभिनंदन से मुलाकात की और उनकी हौसलाअफजाई की। शुक्रवार को पाकिस्तान की हिरासत से पायलट अभिनंदन के वतन लौटने पर सीतारमण ने ट्वीट कर कहा था कि उन पर देश को गर्व है। सीतारमण ने लिखा था, ‘विंग कमांडर अभिनंदन, हमें आप पर गर्व है। पूरा देश आपके साहस को सलाम करता है। आपने विपरीत परिस्थितियों में भी अपना हौसला बनाए रखा। आप देश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। सल्यूट। वंदे मातरम।’
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी हिरासत से लौटे अभिनंदन के कई मेडकल टेस्ट किए गए हैं, जो कूलिंग डाउन प्रॉसेस का हिस्सा हैं। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान अभिनंदन ने अपने परिवार के सदस्यों और वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। शुक्रवार को रात 11:45 बजे वह दिल्ली पहुंचे थे। इसके तुरंत बाद उन्हें एयर फोर्स सेंट्रल मेडिकल एस्टेबलिशमेंट ले जाया गया।
https://rashtriyadinmaan.com
