डीपीआरओ की पत्नी पहुंचीं मुरादाबाद डीएम दफ्तर, पति को गिरफ्तार करने व निलंबन की मांग


लखनऊ |मुरादाबाद में तैनात डीपीआरओ राजेश कुमार सिंह की पत्नी मनीषा सिंह मुरादाबाद पहुंचीं और पति को गिरफ्तार करने व निलंबन की मांग की। दोपहर बाद दो बजे डीएम दफ्तर पहुंचीं तो डीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद एडीएम सिटी राजेंद्र सिंह सेंगर को उन्होंने प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि गुजरात की बेटी हूं और न्याय मिलने तक संघर्ष करूंगी।

मनीषा सिंह ने महिला थाना गौतमबुद्ध नगर में 22 सितंबर अपने पति राजेश कुमार सिंह के विरुद्ध मुकदमा विभन्न धाराओं में दर्ज करवाया था। मनीषा का आरोप है कि उनके पति कोरोना के बहाने नोएडा फ्लैट में किसी लड़की के साथ रह रहे थे। मनीषा सिंह जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह से मिलने उनके कलेक्ट्रेट स्थित दफ्तर पहुंचीं तो बताया गया कि वह पुलिस एकेडमी में मीटिंग में हैं। एडीएम सिटी राजेंद्र सिंह सेंगर को उन्होंने डीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र दिया है जिसमें उन्होंने अपने पति राजेश कुमार सिंह को निलंबित करवाने और गिरफ्तारी की मांग की है। जिससे वह जांच प्रभावित नहीं कर सकें।

मनीषा सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं भी ब्यूरोक्रेट परिवार से हूं। गुजरात की बेटी हूं नियम कानून मुझे पता है न्याय मिलने तक संघर्ष करूंगी। न्याय में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगी। उनके बेटे उत्कर्ष ने कहा कि मुझे योगी सरकार से न्याय की पूरी उम्मीद है। मनीषा ने यह भी आरोप लगाया है कि राजेश कुमार बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति मुख्यालय छोड़ कर सरकारी गाड़ी से गाजियाबाद आते जाते रहे।

पत्नी और बेटा मेरी छवि धूमिल करने में लगे हैं। पत्नी के घर के कुछ लोगों की शह की वजह से मेरा पूरा परिवार इस हालात में पहुंच गया है। उनके आरोप है कि मैं घर चलाने के लिए पैसा नहीं देता, यह सरासर गलत है। इसके अलावा जो भी अन्य आरोप लगाए जा रहे हैं, सब निराधार है। मामला पुलिस में पहुंच चुका है, आगे पुलिस और कोर्ट जो फैसला करेगा वैसा माना जाएगा।

राजेश कुमार सिंह, डीपीआरओ


Scroll To Top
Translate »