छठे चरण का चुनाव संपन्न, 54.12 प्रतिशत हुआ मतदान, अम्बेडकरनगर में सबसे अधिक वोटिंग


लखनऊ |  उत्तर प्रदेश में सोमवार को छठे चरण का मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक करीब 54.12 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने हक का इस्तेमाल किया। कुछ जगह ईवीएम में खराबी और छुटपुट घटनाएं हुईं लेकिन चुनाव शांतिपुर्ण तरीके से संपन्न हुआ। साल 2014 के मुकाबले .41 प्रतिशत कम वोटिंग हुई। इस दौरान अम्बेडकर नगर में सबसे अधिक 58.78% व इलाहाबाद में सबसे कम 50.58% मतदान हुआ।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि छठे चरण में मतदान शुरू होने के बाद 90 ईवीएम व 140 वीवीपैट खराब होने की शिकायतें मिलीं जिन्हें बदलकर मतदान कराया गया। मॉक पोल के दौरान 147 ईवीएम व 329 वीवीपैट बदली गई।

आपको बता दें कि आज उत्तर प्रदेश में 14 संसदीय सीटों के लिए मतदान हुआ। इनमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही शामिल हैं।

गर्मी का मौसम अपने चरम पर है, लेकिन लोगों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। वोटिंग शुरू होते ही लंबी लाइने लग गईं थी। हलांकि जैसे-जैसे पारा चढ़ा तो मतदान करने वालों की संख्या में कमी आने लगी।


Scroll To Top
Translate »