पूर्व पीएम राजीव गांधी की 72वीं जयंती, पूरे देश ने श्रद्धासुमन अर्पित किए


122945-rajiv-gandhi

नयी दिल्ली:  राष्ट्र ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनके 72वें जन्मदिवस के मौके पर आज स्मरण किया।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 72वीं जयंती  पर याद किया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी को उनकी जयंती पर याद करता हूं।’

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, जबकि सोनिया गांधी स्वास्थ्य कारणों से श्रंद्धाजलि अर्पित करने नहीं पहुंच सकीं। हालांकि सोनिया के पुत्र एवं कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजीव गांधी की वीरभूमि स्थित समाधि पर उन्हें पुष्पांजलि दी। पुत्री प्रियंका और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी प्रार्थना बैठक में नहीं पहुंच सके।

राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ‘आज राजीव गांधी का स्मरण किया। उनके विचार, उनके मूल्य और लोगों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता सदैव हमारी प्रेरणा बनी रहेगी।’ राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष अजय माकन, पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, मोतीलाल वोरा और भूपिन्द्र सिंह हुड्डा ने भी राजीव गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


Scroll To Top
Translate »