वर्करों को छाता एवं मिष्ठान्न वितरित कर बढ़ाया मनोबल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति की नवनियुक्त अध्यक्षा श्रीमती अनीता सिंघल ने कहा कि मसाला मठरी सेण्टर में कार्यरत महिला वर्करों का निःशुल्क हेल्थ चेकअप कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति अपने उद्देश्यों को पूरा करने हेतु गरीब छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा, गरीब बच्चों को उनकी उन्नति हेतु आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु जनपद स्तर तक अभियान चलायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से और अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित कराने में आकांक्षा समिति की समस्त सदस्यायें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगी।
श्रीमती अनीता सिंघल आज बटलर पैलेस काॅलोनी में आकांक्षा समिति द्वारा संचालित मसाला मठरी केन्द्र में अपने महिला वर्करों से अध्यक्षा के रूप में मिल रहीं थीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का उद्देश्य-संस्कार, सेवा, समर्पण, सहयोग एवं सम्पर्क आधारित सोच होनी चाहिये, ताकि वह अधिक से अधिक लोगों के कल्याण हेतु अपने जीवन का अधिक से अधिक समय समर्पित कर सके। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति न छोटा होता है और न बड़ा होता है, उसकी पहचान उसके कार्य से होती है। उन्होंने कहा कि मसाला मठरी केन्द्र में कार्यरत महिला वर्करों ने अपने कार्य से आकांक्षा समिति द्वारा संचालित मसाला मठरी केन्द्र की पहचान बनायी है।
श्रीमती अनीता सिंघल ने कहा कि भारत सरकार में कार्यरत अधिकारियों की पत्नियों की मांग को दृष्टिगत रखते हेतु नई दिल्ली स्थित उ0प्र0 पर्यटन केन्द्र में लखनऊ से निर्मित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थायें यथाशीघ्र सुनिश्चित करायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि आकांक्षा समिति में नये सदस्यों को लाकर बड़ा स्वरूप प्रदान किया जाये। उन्होंने मसाला मठरी केन्द्र में कार्यरत वर्करों को छाता एवं मिष्ठान्न वितरित कर उनका मनोबल भी बढ़ाया।
कार्यक्रम में श्रीमती ऊषा गुप्ता, श्रीमती ऊषा शर्मा, श्रीमती प्रतिमा भटिया, श्रीमती संगीता भटनागर, श्रीमती प्रीती राजशेखर, श्रीमती सीमा गुप्ता, डाॅ0 तूलिका चन्द्रा, श्रीमती हेमा, श्रीमती अन्नू वाष्र्णेय, श्रीमती रेनू पाण्डेय, श्रीमती रेनू मित्तल, श्रीमती पूनम मित्तल, श्रीमती सिम्मी शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त कर नवनियुक्त अध्यक्षा श्रीमती अनीता सिंघल का हार्दिक अभिनन्दन एवं स्वागत किया।