
lucknow | गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के वैशाली में निर्मित तीन अपार्टमेंटों को गाजियाबाद नगर निगम ने असुरक्षित घोषित करते हुए नोटिस जारी किए हैं। निगम के इस नोटिस के बाद मंदाकिनी, अलकनंदा और सरयू टावर के निवासियों में डर और अनिश्चितता का माहौल व्याप्त है। इन अपार्टमेंट में तकरीबन 240 मकान हैं, जिनमें 150 से अधिक परिवार रहते हैं।
गाजियाबाद नगर निगम के अपर नगर आयुक्त की तरफ से जारी आदेश में बताया गया है कि मंदाकिनी, अलकनंदा और सरयू टावर की हालत बेहद जर्जर है। ऐसे में इन मकानों में रहना काफी खतरनाक है।
उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस को नोटिस के प्रति भेजकर भवनों के संबंध में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। इस नोटिस के मुताबिक, भवन स्वामियों को स्वयं के खर्चे पर मरम्मत कराने और किसी भी हादसे की जिम्मेदारी की बात कही गई है।
गौरतलब है कि जीडीए ने 10 मंजिला आवास योजना के तहत वैशाली सेक्टर-4 में तकरीबन 25 साल पहले 20 टॉवरों का निर्माण करवाया था। इन्हीं में से मंदाकिनी और अलकनंदा टावर में प्राधिकरण द्वारा आवंटित भवन स्वामी रहते हैं, जबकि सरयू टावर में व्यापार कर के अधिकारी रहते हैं। 79-79 भवनों वाली इन बिल्डिंग की हालत काफी जर्जर है जिसको लेकर वर्ष 2016 में मंदाकिनी टावर अपार्टमेंट एसोसिएशन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी।
https://rashtriyadinmaan.com
