गडकरी ने इलाहाबाद में 5632 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया


 

PARED_2_1517996486_1517996486

 

lucknow |  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आगामी कुम्भ से पहले इलाहाबाद को इलेक्ट्रिक बस के साथ सड़क व पानी में चलने वाली बस देने की घोषणा की। वह बुधवार को परेड मैदान पर 5632 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने हल्दिया से इलाहाबाद तक जल परिवहन शुरू करने और इलाहाबाद में पांच रिवर पोर्ट बनाने की बात भी कही। गडकरी ने कहा कि कुम्भ से पहले गंगा 80 फीसदी तक निर्मल हो जाएगी। सीवेज ट्रीटमेंट का पानी भी गंगा में जाने से रोका जाएगा। गंगा को निर्मल बनाने के लिए ट्रस्ट बनाया गया है। इसमें आम लोग भी मदद कर सकते हैं। कई बड़े घराने सामने आए हैं। इलाहाबाद में गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए महेश योगी के संस्थान ने प्रस्ताव दिया है।गडकरी ने कहा कि सरकार गंगा सफाई पर बीस हजार करोड़ खर्च कर रही है।

गंगा शुद्धीकरण के 189 में से 47 प्रोजेक्ट शुरू हो गए हैं। यूपी में गंगा रिवर फ्रन्ट पर दस करोड़ लगा रहे हैं। आदर्श गंगा ग्राम योजना से गंगा किनारे गांवों का विकास होगा। उन्होंने नमामि गंगे ट्रस्ट में डिजिटल ट्रांसफर कर गंगा स्वच्छ करने का सहयोग मांगा।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनवरी-2019 में लगने वाले कुम्भ में पूरे विश्व से लोग आएंगे। कुम्भ की तैयारी राज्य सरकार तेजी से कर रही है। उनका कहना था कि पांच साल में यूपी को दो लाख करोड़ की सड़कें मिलेंगी। इस कार्य के लिए राज्य सरकार का सहयोग मिलना चाहिए। देश की प्रगति और विकास के लिए उद्योग लगने चाहिए। उसके लिए बिजली, पानी और सड़क होनी चाहिए। किसान आज कर्ज के बोझ तले दबा है।

केन्द्र सरकार स्थिति को बदलना चाहती है।गडकरी का कहना था कि सरकार सड़क निर्माण में क्वालिटी के साथ समझौता नहीं करेगी। मुम्बई-पुणे हाईवे पर आज तक कोई गड्ढा नहीं बना। उन्होंने चेतावनी दी कि ठेकेदारों ने गलत काम किया तो बुलडोजर के नीचे जाना पड़ेगा। सड़कें देश की सम्पत्ति हैं। इस काम में बेईमानी नहीं होगी।

कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, सांसद श्यामाचरण गुप्त, विनोद सोनकर, वीरेंद्र सिंह मस्त, कई विधायक व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।


Scroll To Top
Translate »