
नई दिल्ली| कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को जन वेदना कार्यक्रम संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का चुनाव चिन्ह हर धर्म के गुरुओं की तस्वीरों में नजर आता है। इसके साथ ही उन्होंने ‘डरो मत, हम तुम्हारे साथ हैं।’ राहुल गांधी ने कहा कि इस देश के लोग बहुत ही मजबूत हैं। यह देश अकलमंद है। अंग्रेजों को भगाया है। चांद तक मिशन भेज दिया है। इस देश को लोगों को किसी से डरने की कोई जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने कहा, ‘शिवजी, बुद्ध, गुरुनानक, महावीर जैन और अन्य धर्म गुरुओं की तस्वीरों में कांग्रेस का चिन्ह दिखता है। इसके बारे में मैंने करण सिंह जी पूछा कि इसका क्या मतलब होता है, उन्होंने बताया कि डरो मत, सच्चाई का सामना करो। कांग्रेस की विचारधारा कहती है ‘डरो मत’ और दूसरी विचारधारा कहती है कि ‘डरो और डराओ।’
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘मोदी जी ने क्या किया? कहा कि मेरा नाम नरेंद्र मोदी है और मैं तुमसे तुम्हारी जमीन छीन सकता हूं।’
नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘करोड़ों लोग लाइनों में खड़े थे। क्यां आपने वहां पर किसी भ्रष्ट व्यक्ति को खड़ा हुआ पाया? भ्रष्ट लोग बैंक के पीछे के दरवाजे पर थे। मोदी जी ने सोचा कि जब आर्मी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया तो उन्होंने गरीबों और किसानों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया।’
जैसे अमिताभ बच्चन की फिल्मों में डायलॉग होता है वैसा ही डायलॉग नरेंद्र मोदी जी ने दिया। जैसे डायलॉग होते हैं, वैसे ही पीएम ने किया और कहा, ‘मित्रों, ये जो जेब में 500 और 1000 के नोट हैं, अब ये कागज हो गया है कागज’। साथ ही राहुल ने कहा, ‘राम नाम जपना, गरीब का माल अपना। सूट-बूट की सरकार की यह विचारधारा है। इसी से आपको लड़ना है। एक दिन इस विचारधारा को हराएंगे। आरएसएस और भाजपा नफरत फैला कर देश को बर्बाद कर रही है। नोटबंदी के जरिए देश को बर्बाद कर रहे हैं।’
बता दें, राहुल गांधी ने बुधवार सुबह भी संबोधित करते हुए पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।
https://rashtriyadinmaan.com
