गांधी पर बोलकर फंसे BJP के मंत्री, विवाद होने पर वापस लिया बयान


ani-l-vij~14~01~2017~1484384022_storyimage

 

नई दिल्ली |  खादी ग्रामोद्योग कैलेंडर में पीएम मोदी की तस्वीर के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने महात्मा गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री विज ने शनिवार को कहा कि महात्मा गांधी का नाम खादी से जुड़ने के कारण इसकी दुर्गति हुई। खादी के बाद अब धीरे-धीरे नोटों से भी गांधी जी की तस्वीर हट जाएगी। उन्होंने कहा कि जब से महात्मा गांधी की फोटो नोट पर लगी है, तब से नोट की कीमत गिरनी शुरू हो गई।

विज ने अपने बयान में कहा कि पीएम मोदी खादी के लिए महात्मा गांधी से बेहतर ब्रैंड है। उन्होंने कहा कि जबसे खादी से गांधी का नाम जुड़ा है, तब से यह उठ ही नहीं सकी। यह डूब गई है।

अनिल विज के इस बयान के बाद विपक्षी पार्टियों ने उन्हें निशाने पर ले लिया। मामले को बढ़ता देख भाजपा ने अनिल विज के बयान से किनारा कर कर लिया। भाजपा प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने उनके बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बयान की निंदा करती है, यह उनकी व्यक्तिगत राय है। पार्टी से इसका कोई लेना देना नहीं है। वहीं हरियाणा के सीएम मनोहर खट्टर ने भी इस बयान को गलत बताया है।

मामले के बढ़ता देख अनिल विज ने अपना बयान वापस ले लिया है। अनिल विज ने ट्विटर पर लिखा, महात्मा गांधी पर दिया बयान मेरा निजी बयान है। किसी की भावना को आहत न करे इसलिए मैं इसे वापस लेता हूं।

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रयाद यादव ने कहा है कि ये भारत के नालायक बेटे हैं, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अपमानित कर रहे हैं। ऐसे लोगों को थोड़ी सी भी शर्म नहीं है।


Scroll To Top
Translate »