लखनऊ में एकत्रित हुए 30 निवेशक


 

राज्य सरकार ने पूर्ण सहयोग का दिया  आश्वासन 

 

unnamedलखनऊ|  उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा व्यवसाय व उद्यम स्थापित व संचालित करने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं को सुगम बनाने एवं विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं के विकास के परिणामस्वरूप आज प्रमुख सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास – श्री महेश कुमार गुप्ता द्वारा आयोजित संवाद सत्र में 30 से अधिक निवेशकों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में उ.प्र. राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबन्ध निदेशक – श्री मनोज सिंह एवं विशेष सचिव, औद्योगिक विकास-श्रीमती कंचन वर्मा सहित संबंधित अधिकारियों ने भी भाग लिया।
सितम्बर में आयोजित मुम्बई निवेशक सम्मेलन के दौरान लगभग रु 51,000 करोड़ के ‘इण्टेंट फाॅर कोआॅपरेशन ’ हस्ताक्षरित करने वाली लगभग 50 कम्पनियों में से 30 कम्पनियों ने लगभग रु 33,000 करोड़ की परियोजनाओं के सम्बन्ध में प्रस्तावों के साथ आज अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास व अन्य विभागों के अधिकारियों से परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर विचार-विमर्श किया।
परियोजनाओं को स्थापित करने एवं आवश्यक स्वीकृतियों को प्राप्त करने में निवेशकों की सहायता करने के उद्देश्य से नामित नोडल अधिकरियों का निवेशकों से परिचय कराया गया। मुम्बई में हस्ताक्षरित लगभग 50 इण्टेंट फाॅर कोआॅपरेशन हेतु उद्योग बन्धु के 14 नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है।
निवेशकों को सम्बोधित करते हुए प्रमुख सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास – श्री महेश कुमार गुप्ता ने कहा-”राज्य सरकार परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए निवेशकों से पूर्ण सहयोग के लिए कटिबद्ध है।“
श्री गुप्ता ने निवेशकों से उनकी परियोजनाओं की रूप-रेखा उपलब्ध कराने के लिए कहा, जिससे राज्य सरकार उनकी आवश्यकताओं को समझ सके। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश में जहाँ भी परियोजना स्थापित करना चाहते हैं वहाँ जाकर भूमि का निरीक्षण कर आवंटन के लिए आवेदन करें।
एम.एस.के. टेक्नोलाॅजीस, मुम्बई के निदेशक मो. आरिफ खान ने बताया कि कम्पनी 10-10 मेगावाट के ग्रिड इण्टरऐक्टिव सौर ऊर्जा सिस्टम प्रदेश में कई जगह लगाने की इच्छुक है। रु 700 करोड़ के निवेश से कुल 100 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की योजना है। उन्होंने कहा कि कम्पनी भवनों की छतों पर सौर पैनल लगा भी सकती है, जिससे भवन की विद्युत आवश्यकता तो पूरी होगी ही, शेष विद्युत को ग्रिड को सप्लाई किया जा सकेगा।
गोदरेज एग्रोवेट लि. के वरिष्ठ अधिशासी, श्री रामकरन ने बताया कि उनकी रु 107 करोड़ के निवेश से स्थापित की जाने वाली एनिमल-फीड उत्पादन की इकाई हेतु भूमि का आवंटन लखनऊ में हो चुका है।
जिन कम्पनियों ने आज के कार्यक्रम में भाग लिया उनमें रिलायंस जियो, एलजी इलेक्ट्राॅनिक्स इण्डिया, इकोप्रो एग्रो इण्डस्ट्रीज़, वेलस्पन इनर्जी, ज्योति प्लास्टिक्स, हाॅल एण्ड ऐण्डरसन लि., मेगा लेदर क्लस्टर डेवलपमेंट आदि सहित अनेक कम्पनियाँ सम्मिलित थीं।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त अधिशासी निदेशक, उद्योग बन्धु – श्रीमती कंचन वर्मा ने निवेशकों से कहा कि वे अपनी आवश्यकताओं को यथाशीघ्र उपलब्ध करा दें, जिससे उनकी परियोजनाओं पर कार्य शुरू हो सके।
————–

 


Scroll To Top
Translate »