
lucknow | मोहन नगर में निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन की साइट पर सोमवार सुबह 10 बजे एक गार्डर जीटी रोड पर चल रहे वाहनों के ऊपर गिर गया। हादसे में 4 वाहन उसकी चपेट में आ गए जिनमें 8 लोग घायल हुए हैं। 5 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। जीटी रोड पर मोहन नगर मेट्रो स्टेशन का निर्माण चल रहा है। स्टेशन के एक छोर पर रात लोहे के एक बड़े गार्डर को रखा गया था। आज दिन में इस गार्डर को जोड़ा जाना था। सुबह 10 बजे अचानक गर्डर रोड पर चल रहे वाहनों की तरफ झुकते हुए नीचे आ गिरा। गार्डर की चपेट में एक ऑटो, कार और 2 बाइक आ गए। मौके पर घायलों की चीख पुकार मच गई।
आनन-फानन में घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार सवार 5 लोगों में से 3 को मामूली चोट आई है। वह बिना प्राथमिक चिकित्सा के अपने घर चले गए। मौके पर डीएमआरसी की टीम और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अस्पताल में भर्ती घायल मुरादनगर की राधे श्याम कॉलोनी निवासी सीमा (27) की हालत गंभीर बनी हुई है। ऑटो सवार मास्टर कॉलोनी निवासी अतुल गौड़ भी सीमा से साथ आईसीयू में भर्ती है। इनके अलावा मकनपुर निवासी गुलजार, ऑटो चालक इंदरजीत और मेरठ निवासी फल विक्रेता राजे घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।मकनपुर निवासी गुलजार आज मोहननगर स्थित मीता इंडिया कंपनी में इंटरव्यू देने आया था। जिस जगह हादसा हुआ कंपनी उसके ठीक सामने ही है। गार्डर गिरने के मामले में घायल ऑटो चालक इंद्रजीत के पिता ब्रह्मपाल सिंह ने ठेकेदार फर्म रूबी कंस्ट्रक्शन के खिलाफ साहिबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं डीएमआरसी ने भी इस हादसे के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी डीएमआरसी ही उठाएगी।
डीएमआरसी ने प्रोजेक्ट के असिसटेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को भी सस्पेंड कर दिया है। वहीं ठेकेदार फर्म जीवाईटी टीपीएल से काम का ठेका लेने वाली फर्म रूबी कंस्ट्रक्शन की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं। कंपनी भविष्य में डीएमआरसी के किसी ठेके में भाग नहीं ले सकती। ठेकेदार के प्रोजेक्ट इंचार्ज को भी हटा दिया गया है। इसके अलावा कंपनी को शो कॉज नोटिस जारी किया है।
https://rashtriyadinmaan.com
