ग्रेटर नोएडा/ नोएडा में बिल्डर के खिलाफ खरीदारों का प्रदर्शन, नारेबाजी


23GNOIDA_07_1524411903_1524411903

 

नोएडा/ग्रेटर नोएडा। सोसाइटी में सुविधाएं नहीं मिलने, अतिरिक्त शुल्क वसूलने और कब्जा न मिलने पर फ्लैट खरीदारों ने रविवार को नोएडा और ग्रेटर में बिल्डरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। खरीदारों ने इस दौरान बिल्डरों के खिलाफ नारेबाजी भी की।

सेक्टर-135 स्थित रिड्ज रेजिडेंसी योजना में नौ साल बाद भी फ्लैट का कब्जा नहीं मिलने पर खरीदारों ने एक्सप्रेस वे कोतवाली में प्रदर्शन किया। योजना में करीब दो साल से काम बंद है। करीब 30 प्रतिशत ही काम हुआ है।

खरीदारों ने समय से फ्लैट नहीं मिलने के विरोध में 1 सितंबर 2017 को बिल्डर गुलशन गंभीर के खिलाफ एक्सप्रेस वे कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। कार्रवाई नहीं होने के विरोध में खरीदारों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। गुरुग्राम हरियाणा के रहने वाले राजेश शर्मा ने बताया कि आठ महीने बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पुलिस ने एक सप्ताह का समय मांगा है। काम शुरू कराने के लिए बिल्डर को एक नोटिस जारी किया है। उन्होंने बिल्डर पर पैसों को दूसरी जगह डायवर्ट करने का आरोप लगाया। इस मौके पर लोकेश, अंकुर गर्ग, प्रभु, संदीपा, सुनीता जैन समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

भसीन ग्रुप बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी

सेक्टर-143बी में भसीन ग्रुप बिल्डर के खिलाफ खरीदारों ने रविवार को नेफोमा के नेतृत्व में साइट पर प्रदर्शन किया। खरीदारों ने नारेबाजी कर आरोप लगाया कि बिल्डर 1100 निवेशकों के साथ हजारों करोड़ की धोखाधड़ी कर चुका है। खरीदारों ने फेस्टिवल सिटी कामर्शियल प्रोजेक्ट में बुकिंग की थी।

फेस्टिवल सिटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव निझावन ने बताया कि प्राधिकरण ने वर्ष 2008 में भूखंड आवंटित किया था। करीब 70 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। बिल्डर ने कई बार कंपनी के नाम बदलकर धोखाधड़ी की है। अभी 15 प्रतिशत ही काम पूरा हुआ है। तीन साल से एश्योर्ड रिटर्न भी नहीं मिल रहा है। अब मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण के सीईओ व जिलाधिकारी से मिलकर बिल्डर मोंटू भसीन व अन्य निदेशकों के पासपोर्ट जब्त करने की मांग करेंगे। आशंका है कि वे कनाडा भाग जाएंगे।


Scroll To Top
Translate »