नई दिल्ली. गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई अगले सप्ताह भारत आ रहे हैं. अगस्त में कंपनी की कमान संभालने के बाद पिचाई का अमेरिका के बाहर यह पहला दौरा है. वह बुधवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फेंस भी करेंगे. इसके अलावा 17 दिसंबर को वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) में छात्रों को संबोधित भी करेंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरे पर पिचाई ‘गूगल फॉर इंडिया’ कार्यक्रम में एक अहम वक्तव्य देंगे. जहां वे भारत के लिए कम्पनी की योजनाओं की रुपरेखा की जानकारी देंगे.
भारत आने का ये है मकसद
कम्पनी के इन्वाइट्स में लिखा है, ”भारत आज डिजिटल क्रांति के केन्द्र में खड़ा है. हर महीने लाखों की संख्या में भारतीय ऑनलाइन आ रहे हैं. गूगल के लिए भारत हमेशा ही अहम रहा है. हम अपने प्रोडक्ट ऑफरिंग्स के लिए लगातार काम कर रहे हैं. जिनमें यूजर्स की खास जरूरतों का ध्यान रख रहे हैं. हम भारत को डेवलेपमेंट, ग्रोथ और इनोवेशन का केंद्र बनाने के लिए अपने योगदान के रूप में अपने विजन, स्ट्रैटजी के बारे में जानकारी देंगे. इसलिए सुंदर पिचाई और गूगल के अन्य सीनियर लीडर्स को ज्वाइन करिए.”
पिछले साल भी पिचाई भारत आए थे, पर सीईओ के नाते नहीं
गौरतलब है, पिछले साल पिचाई भारत में गूगल के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की ग्लोबल लॉन्चिंग के लिए भारत आए थे. इस प्रोजेक्ट का मकसद प्योर एन्ड्राइड को अफॉर्डेबल फोन्स के तौर पर उपलब्ध कराना था. इन पहल को ‘एन्ड्राइड वन’ नाम दिया गया. ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरे के दौरान कम्पनी भारत में एन्ड्राइड वन फोन के दूसरे फेज़ को लॉन्च कर सकती है.
सस्ते होंगे एन्ड्राइड स्मार्टफोन्स
इसी साल पहले आईं रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रंजन आनंदन ने बताया था कि कम्पनी स्मार्टफोन्स को और भी सस्ते दामों में उपलब्ध कराने की योजना बना रही है. हाल ही में आई एक रिपोर्ट की मानें तो एन्ड्राइनड वन मैनुफैक्चरर्स पर प्रतिबंधों को आसान बनाए जाने के संकेत मिले. जो स्मार्टफोन्स के कम्पोनेंट्स को लेकर थे जिससे मार्केट में स्मार्टफोन्स की अलग से पहचान की जा सके.
पीएम और राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात
ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरे पर पिचाई राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे. गौरतलब है, 43 वर्षीय पिचाई ने आईआईटी खड़गपुर से पढ़ाई की है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सितंबर में सिलिकन वैली के दौरे पर मुलाकात की थी.
भारत के लिए गूगल की योजना
गूगल ने घोषणा की थी कि वह अगले साल 500 स्टेशन्स पर वाई-फाई सर्विसेस उपलब्ध कराने के लिए इंडियन रेलवे के साथ सहयोग करेगा. साथ ही यह भी घोषणा की थी कि गूगल यूजर्स को एन्ड्राइड प्लेटफॉर्म पर 11 भारतीय भाषाओं में टाइपिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा. जिसमें पीएम मोदी की मातृभाषा गुजराती भी शामिल है.
एसआरसीसी में करेंगे संबोधित
इसी बीच, एसआरसीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ”हमने गूगल सीईओ को एसआरसीसी में इन्ट्रैक्टिव सैशन के लिए आमंत्रित किया था. हमें गूगल की तरफ से इसकी मंजूरी की पुष्टि की गई. पिचाई 17 दिसंबर को ‘आस्क सुंदर’ सैशन के दौरान छात्रों से बातचीत करेंगे.”
एसआरसीसी में ओपन सैशन दो घंटे का होगा. हालांकि सैशन के लिए टाइमिंग्स अभी भी कन्फर्म नहीं हो पाई हैं. चेन्नई में जन्मे पिचाई 16 दिसंबर को भारत आएंगे.
https://rashtriyadinmaan.com

