हरियाणा में स्थिति तनावपूर्ण, तीन और शहरों में लगाया गया कर्फ्यू


 

103860-rohtak-fire

चंढीगढ़: जाटों के लिए ओबीसी कोटे के तहत आरक्षण की मांग कर रहे जाट नेताओं ने हरियाणा सरकार की ओर से दिए गए प्रस्ताव को ठुकरा दिया और कहा कि उनका आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। शनिवार को भी हिंसा जारी है। आज एक रेलवे स्टेशन, एक थाना और कुछ भवनों में आग लगा दी गई। वहीं रोहतक जिले के कुछ स्थानों पर पहुंचने के लिए सेना को हेलीकॉप्टर का प्रयोग करना पड़ा।

 

*आज तीन और शहरों में कर्फ्यू लगाया गया जिसमें सोनीपत, गोहाना और झज्जर शामिल हैं जहां रात के दौरान और दिन में भी आगजनी की छिटपुट घटनाएं हुईं। सेना ने रोहतक और भिवानी जिलों में फ्लैग मार्च किया। राज्य में रेल और सड़क परिवहन प्रभावित रहा जिस कारण दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और चंडीगढ़ के लिए विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों से सेवा बाधित रही। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 (दिल्ली अंबाला) और एनएच 10 (दिल्ली हिसार फाजिल्का) भी बाधित रहा। रेल अधिकारियों ने कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया। पुलिस ने कहा कि कुछ लोगों ने हरियाणा के मंत्री ओ पी धनखड़ के झज्जर स्थित आवास पर पथराव किया लेकिन घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ।

खट्टर ने शांति बनाए रखने की अपील की, कहा-समाधान ढूंढेंगे

*आरक्षण की मांग को लेकर जाट प्रदर्शनकारियों की हिंसा को देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की फिर से अपील की और कहा कि सरकार समस्या का समाधान ढूंढेगी। अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा के बाद उन्होंने कहा, ‘इस तरह की घटनाओं से सौहार्दता खत्म होती है।’ प्रदर्शनकारियों से आंदोलन खत्म करने की अपील करते हुए खट्टर ने कहा कि सार्वजनिक संपति को नष्ट करने से कुछ हासिल नहीं होगा और अधिक संख्या में केंद्रीय बल राज्य में आ रहे हैं। राज्य के बड़े हिस्से में सामान्य जनजीवन बाधित रहा और दुकानें तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठान, स्कूल बंद रहे, कई जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं और एलपीजी, दूध और सब्जियों सहित आवश्यक खाद्य पदार्थों की ढुलाई पर भी असर पड़ा।

* जाट आंदोलन के ज्यादा क्षेत्रों में फैलने को देखते हुए हरियाणा के पुलिस प्रमुख यशपाल सिंघल ने आज कहा कि स्थिति को नियंत्रण में लाने में वक्त लग रहा है क्योंकि कोई नेता विशेष इसकी अगुवाई नहीं कर रहा है। आंदोलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 78 जख्मी हो चुके हैं। बहरहाल उन्होंने कहा कि स्थिति में कल से सुधार आया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सेना सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस का सहयोग कर रही है। उन्होंने इस बात से इंकार किया कि यह खुफिया विफलता रही और सरकार स्थिति का आकलन नहीं कर सकी।

* डीजीपी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आंदोलन अब नेताहीन हो गया है और कई युवक इसमें शामिल हो गए हैं जिससे हमारा काम कठिन हो गया है। सिंघल ने कहा, समझना होगा कि सुरक्षा बल संवेदनशील स्थिति से निपट रहे हैं। उन्होंने कहा, जैसा कि मैंने कहा कि आंदोलन नेताविहीन हो गया है। यह व्यापक आंदोलन है। लोग तेजी से अपनी योजना बदल रहे हैं इसलिए स्थिति को नियंत्रण में लाने में वक्त लग रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरू में कुछ जाट और खाप नेताओं से वार्ता की लेकिन स्थिति बदलने के बाद उपयुक्त कदम उठाए। डीजीपी इस विचार से सहमत नहीं थे कि पुलिस कल रोहतक में स्थिति नहीं संभाल सकी।

* डीजीपी कहा, आज की स्थिति कल की तुलना में बेहतर है। सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस प्रभावित इलाकों में मार्च कर रही है। उन्होंने कहा, अर्धसैनिक बल की दस टुकड़ियां पहुंची हैं जबकि 23 और रास्ते में हैं और इनमें से कुछ को हवाई मार्ग से लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव से भी बात हुई और उन्हें जमीनी स्थिति से अवगत कराया गया है। डीजीपी ने कहा कि रोहतक में कल हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 78 अन्य जख्मी हो गए। उन्होंने कहा, पीजीआईएमस रोहतक के निदेशक ने कल मुझे सूचित किया कि एक व्यक्ति को अस्पताल में मृत स्थिति में लाया गया। घटना में पांच पुलिसकर्मियों सहित 78 व्यक्ति जख्मी हो गए। 46 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 36 लोग अब भी भर्ती हैं जिनमें पांच आईसीयू में भर्ती हैं।

* सेना ने शहर में आज एक फ्लैग मार्च निकाला और आगजनी एवं हिंसा में शामिल जाट प्रदर्शनकारियों की रेल एवं सड़क नाकाबंदी हटाई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सेना के एक दल के साथ पुलिस ने सड़कों और रेल पटरियों पर कई स्थानों पर की गई प्रदर्शनकारियों की नाकाबंदी हटाई। सेना ने मायर गांव के निकट भी फ्लैग मार्च निकाला जहां जाट हिसार-भिवानी मार्ग पर रेल पटरी के निकट बैठे हैं। हिसार के पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी ने कहा कि सेना की एक इकाई और बीएसएफ की एक इकाई हिसार में है।

* प्रदर्शनकारियों ने जींद में बूढ़ा खेड़ा रेलवे स्टेशन पर आग लगा दी रेलवे स्टेशन में आग लगाने पर फर्नीचर, रिकॉर्ड रूम और अन्य सामान जल गए। सेना ने कर्फ्यू ग्रस्त दो जिलों में फ्लैग मार्च किया और अवरूद्ध किए गए रोहतक जिले के हिस्सों में पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर का सहारा लिया। रोहतक आंदोलन का केंद्र है। रोहतक और भिवानी में कल शुरू हुई हिंसा के कारण आम जनजीवन बाधित हुआ है और राज्य के कई अन्य हिस्सों में सड़कें एवं रेल मार्ग अवरूद्ध हैं, दुकानें एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठान और स्कूल बंद पड़े हैं। शुरू में सेना रोहतक में प्रवेश नहीं कर पायी क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली, हिसार, रोहतक और फजिलका राजमार्गों को अवरूद्ध कर दिया था जिसके कारण जवानों को हवाई मार्ग से पहुंचना पड़ा।


Scroll To Top
Translate »