
1- पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी और लाठीचार्ज भी किया। इस बीच गोकलपुरी के सहायक पुलिस आयुक्त के कार्यालय से जुड़े हेड कांस्टेबल रतन लाल की मौत हो गई जबकि शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित शर्मा समेत विभिन्न पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को काबू करने के दौरान घायल हो गए।
2- पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है। मौजपुर में भारी पथराव हुआ है जबकि जाफराबाद में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया है। मौजपुर और भजनपुरा में दुकानों और घरों में तोड़फोड करने के साथ ही आग लगा दी गई है।
3- एक प्रदर्शनकारी को बंदूक हाथ में थामे पुलिसकर्मी की ओर बढ़ता हुआ देखा गया है। उसने हवा में कुछ राउंड फायरिंग भी की।
4- अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने इलाके में लगी आग बुझाते समय दमकल की एक गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।
5- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध और समर्थन के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हिंसा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया है।
6- उन्होंने ट्वीट किया, ‘दिल्ली के कुछ हिस्सों में शांति-व्यवस्था में गड़बड़ी की बहुत परेशान करने वाली खबरें आ रही हैं। मैं माननीय उपराज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री से शांति और सौहार्द्र सुनिश्चित करते हुए कानून-व्यवस्था बहाल किए जाने का अनुरोध करता हूं। किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।’
https://rashtriyadinmaan.com
