HIGH ALERT! यमुना खतरे के निशान से ऊपर, UP सहित इन 7 राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश


एक अधिकारी ने बताया कि पुरानी दिल्ली रेलवे पुल पर यमुना नदी का जल स्तर शाम पांच बजे तक बढ़कर 205.20 मीटर हो गया और इसमें और बढ़ोतरी होने की आशंका है। आज सुबह जारी एक बयान में कहा गया था कि दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जल स्तर 28 जुलाई की सुबह सात बजे 204.92 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान से ऊपर है। जल स्तर में और वृद्धि हो रही है। एक अधिकारी ने बताया कि यमुना नदी के खतरे के निशान को पार करने के बाद शुक्रवार चेतावनी जारी की गयी थी।

बयान के मुताबिक, सभी कार्यपालक इंजीनियरों / क्षेत्र के अधिकारियों को पानी जारी करने, पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर और केंद्रीय जल आयोग / एमईटी के परामर्श या पूर्वानुमान के बाबत नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क में रहने और उचित उपाय करने का अनुरोध किया गया है ताकि बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। परामर्श में कहा गया कि केंद्रीय जल आयोग, ऊपरी यमुना संभाग-नई दिल्ली ने दिल्ली रेलवे पुल (उत्तरी दिल्ली) के लिए बाढ़ का पूर्वानुमान जारी किया है। दिल्ली रेलवे पुल पर पानी का स्तर 28 जुलाई को सुबह नौ बजे 205 मीटर था (चेतावनी का स्तर 204.00 मीटर है)।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और इसके पड़ोसी इलाकों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि इससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान बारिश होगी और कहीं-कहीं पर भारी से लेकर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस बीच, हरियाणा के यमुनानगर में यमुना नदी का जल स्तर पांच लाख क्यूसेक को पार करने के बाद जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना नदी के जल स्तर में इतनी बढ़ोतरी हुई है।


Scroll To Top
Translate »