
प्रदेश को 3897 करोड़ रुपये की 99 परियोजनाओं की सौगात
प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार हमारी मदद नहीं करती थी।
लखनऊ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय लखनऊ दौरे के पहले दिन लखनऊ के इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों से बातचीत करने का मौका मिला। इस योजना के तहत गरीबों के जीवन को बदलते हुए देखना बेहद खुशी की बात है। पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया और कहा कि प्रदेश के तीन शहरों में मेट्रो चलाने की तैयारी की जा रही है। आपको बता दूं कि दिल्ली मेट्रो की योजना को जमीन पर उतारने का काम अटल जी ने ही किया था। हम जनता के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
मोदी बोले कि यूपी में योगी सरकार आने से पहले का भी मुझे अनुभव है। हम काम करना चाहते थे। पैसे देते थे, लेकिन प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार हमारी मदद नहीं करती थी।
मोदी ने कहा कि आजकल मुझ पर आरोप लगाया जाता है कि मैं चौकीदार नहीं भागीदार हूं। मोदी ने कहा कि मैं इस इल्जाम को इनाम मानता हूं। मैं गरीबों को घर दिलाने की कोशिश का भागीदार हूं। मैं गरीबों के दुख-दर्द का भागीदार हूं। उन्होंने कहा कि मैं गरीबों के दुख कम करने का मकसद लेकर काम कर रहा हूं। मैं इसका भागीदार हूं। इसका मुझे गर्व है।
– मोदी बोले कि हमारी प्रतिबद्घता है कि इस जनसंख्या के लिए एक ऐसे सिस्टम का निर्माण हो कि ‘फाइव ई’ पर आधारित हो। जिसका मतलब ईज ऑफ लिविंग, एजूकेशन, इम्प्लॉयमेंट, इकॉनामी और इंटरटेनमेंट हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में 21 प्रतिशत आबादी शहरी क्षेत्रों में रहती है। स्मार्ट सिटी, अमृत योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना से शहरों में लोगो का जीवन बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार प्रदेश के 653 सभी नगर निकायों को स्वालंबी बनाने का कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वच्छता मिशन के अन्तर्गत 15 जुलाई से 50 माइक्रॉन से कम की पॉलीथीन को प्रतिबंधित किया गया है।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि स्मार्ट सिटी दुनिया का सबसे बड़ा शहरीकरण कार्यक्रम है। इसके द्वारा हम देश को बदल देंगे। पुरी ने कहा कि भारत की आजादी के समय 17 फीसदी आबादी शहरों में रहती थी। 2030 तक करीब 60 करोड़ लोग शहरों में रहेंगे, जिसके लिए हम प्लान कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाएं आज पूरी होती नजर आ रही हैं। जो लोग इन्हें करीब से देख रहे हैं, वह इनकी जमीनी हकीकत समझ रहे हैं। प्रधानमंत्री खुद को प्रधानसेवक कहलाना पसंद करते हैं, लेकिन एक सेवक कितना दूरदृष्टा हो सकता है यह प्रधानमंत्री ने साबित किया है। सरकार नगरीय निकायों को अपने पैरों पर खड़ा करने को लेकर प्रतिबद्ध है। इसके लिए हमने स्टॉक एक्सचेंज के दरवाजे खोले हैं। जहां से वह पैसा लेकर शहरों के विकास में लगा सकेंगे।
इसके पहले लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी यहां स्मार्ट सिटी, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और अमृत योजना के तीन वर्ष पूरे होने के मौके पर शुक्रवार से शुरू हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का समापन करेंगे और प्रदेश को 3897 करोड़ रुपये की 99 परियोजनाओं की सौगात देंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
