Agusta Westland घोटाले में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एस पी त्‍यागी गिरफ्तार


phpthumb_generated_thumbnail

नई दिल्‍ली। Agusta Westland घोटाले में सीबीआई ने पूर्व वायु सेना प्रमुख एसपी त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है. सीबीआई ने शुक्रवार को वकील गौतम खेतान और संजीव त्यागी को भी गिरफ्तार किया है. त्यागी पर 3600 करोड़ रुपये के चॉपर सौदे को एंग्लो-इटैलियन कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड को दिलवाने का आरोप है.
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ के तहत त्यागी को समन भेजा गया है. पूर्व वायु सेना प्रमुख ने कथित तौर पर सीबीआई के सामने पहले यह कबूल किया था कि वे सौदे के बिचौलिए गुइडो राल्फ हैश्के से मिले थे. एसपी त्यागी को मामले में बीते साल भी सीबीआई तलब कर चुकी है.
हेलीकॉप्टर घोटाले में शक के दायरे में आए एसपी त्यागी का पूरा नाम शशींद्र पाल त्यागी है. इनका जन्म 14 मार्च 1945 को मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था. इन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई जयपुर के सेंट जेवियर स्कूल से की थी. 31 दिसंबर 1963 को एस पी त्यागी भारतीय वायु सेना में शामिल हुए. त्यागी ने 1965 और 1971 की जंग में भी शिरकत की है. जब सन 1980 में जगुआर भारतीय वायु सेना में शामिल किया गया तो उस दौरान त्यागी का नाम भी उसे उड़ाने वाले आठ पायलटों में शामिल था. 1985 में उन्हें प्रतिष्ठित वायुसेना मेडल से नवाजा गया था. 31 दिसंबर 2004 को एसपी त्यागी ने भारतीय वायुसेना के 20वें एयर चीफ मार्शल के रूप में कार्यभार संभाला.

ये हैं गौतम खेतान
दिल्ली में रहने वाले वकील गौतम खेतान को ईडी ने 23 सितंबर 2014 को गिरफ्तार किया था. उस पर अगस्ता वेस्टलैंड डील में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप था. खेतान का नाम पनामा पेपर लीक्स में भी था. ईडी के मुताबिक खेतान चंडीगढ़ स्थित एक कंपनी एयरोमैट्रिक्स में शामिल हैं. इस कंपनी ने अगस्ता वेस्टलैंड डील में बड़ी रकम की हेराफेरी की थी. सितंबर 2014 में इसे फिर गिरफ्तार किया गया था, लेकिन नौ जनवरी 2015 को यह जमानत पर रिहा हो गया. पुलिस को इसके घर से मिली ब्लू डायरी में घूस की रकम बांटे जाने की जानकारी मिली. डायरी में दर्ज कुछ कोडवर्ड को ईडी ने सुलझाने का दावा किया है. इसमें दर्ज जीके का मतलब गौतम खेतान और ब्रदर्स का मतलब त्यागी ब्रदर्स था.


Scroll To Top
Translate »