लखनऊ। बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिल लखनऊ में एटीएम कैश वैन को अपना निशाना बनाया है। आज दिन में बदमाशों ने सरोजनी नगर क्षेत्र में सीएमएम कंपनी की कैश वैन को लूट लिया। विरोध करने पर गार्ड सहित दो लोगों को गोली मारकर बदमाश भाग निकले। पुलिस एक बार फिर हाथ मल रही है।
लखनऊ में सरोजनी नगर क्षेत्र के रमाबाई अंबेडकर मैदान के पास आज दोपहर तीन बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने कैश मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) कंपनी की कैश वैन को अपना निशाना बनाया। वैन से रुपयों भरा बैग लूटने के दौरान बदमाशों ने एक गार्ड सहित दो लोगों को गोली मार दी। इनमें से दो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वैन में कितना रुपया था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पा रही है।
इस घटना के बाद एसएसपी राजेश कुमार पाण्डेय, डीआईजी आरके चतुर्वेदी के साथ आईजी जोन जकी अहमद भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि बैग में 20 लाख रुपया था। इस लूट का खुलासा करने को लखनऊ पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच तथा सर्विलांस की टीमों को लगाया गया है।
इससे पहले भी लखनऊ में हसनगंज के भीड़ भरे इलाके डालीजंग में दिन के 11 बजे एक बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने इसी कंपनी की कैश वैन से एटीएम में रुपया लोड करते समय लूट की थी। बदमाशों ने एक गार्ड की हत्या कर दी थी, जबकि दो घायल थे।
https://rashtriyadinmaan.com
