दिल्ली- अवैध झुग्गी हटाने के मामले में मुकदमा करेंगे केजरीवाल !


kejriwal2-300x154
नई दिल्ली। रेलवे की जमीन पर बनीं अवैध झुग्गियों को हटाने के लिए रेलवे के तोडफ़ोड़ अभियान और एक बच्चे की मौत के बाद रविवार को दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच तनाव की स्थित बनी हुई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रेलवे के इस अभियान का विरोध किया है और वह चाहते हैं कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज हो।
सूत्रों के मुताबिक केजरीवाल सरकार इस मामले में रेलवे पर हत्या का केस करने पर भी विचार कर रही है। इस बीच रविवार शाम को केजरीवाल ने इस मामले को लेकर उत्तर रेलवे के जीएम और जीआरएम से मुलाकात की।
बीजेपी ने केजरीवाल पर मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने केजरीवाल की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह आखिर अपने राज्य में इतने बड़े अभियान से वह नावाकिफ कैसे रहे।
पश्चिमी दिल्ली के शकूर बस्ती में शनिवार को इस तोडफ़ोड़ अभियान को अंजाम दिया गया था, जिसमें करीब 1200 झुग्गियों को हटाया गया। रेलवे ने इस पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि बुनियादी ढांचों के विस्तार के लिए अतिक्रमण को हटाने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी।
रेलवे ने कहा है कि तीन नोटिस देने के बाद तोडफ़ोड़ अभियान को शुरू किया गया था जिसमें पहले नोटिस में 14 मार्च 2015 की समयसीमा दी गई थी। एक झुग्गी में छह महीने के एक बच्चे की मौत हो गई जिसपर रेलवे ने कहा है कि यह घटना शनिवार दोपहर 12 बजे से तोड़-फोड़ अभियान के शुरू होने से दो घंटे पहले की है।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि जब बच्चे का परिवार झुग्गी से बाहर जाने की तैयारी कर रहा था, तब बच्चे पर कपड़ों का एक ढेर गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई, इसलिए इस संबंध में कोई मामला नहीं बनता है।

Scroll To Top
Translate »