जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि राजस्थान तरक्की की राह पर दौड़ रहा है। सरकार आम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरजोर कोशिश कर रही है। राजस्थान सरकार ने कौशल विकास के लिए कई कदम उठाए हैं जिनके बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं। भाजपा सरकार की दूसरी सालगिरह पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी है और अपनी कमियों को छिपाने के लिए वो सरकार पर निशाना साधा।
अमित शाह वसुंधरा को दे गए शानदार सरकार का सर्टिफिकेट
पार्टी आलाकमान से वसुंधरा राजे की खींचतान की अटकलों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को शानदार सरकार चलाने का सर्टिफिकेट दे गए। सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित आम सभा में शाह ने कहा कि यहां की सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” नारे को पूरी तरह लागू किया है और जिस तरह काम कर रही है, उसे देखते हुए लगता है कि कांग्रेस को राजस्थान में अपनी सरकार के लिए बरसों इंतजार करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आर्थिक मोर्चे पर अच्छा काम कर रही है। कहा, आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति के कारण अब कोई सेना के जवान का सिर काटकर नहीं ले जा सकेगा। केंद्र ने किसानों के हितों को देखते हुए आपदा प्रबंधन में मदद करने के लिए पचास फीसद का नुकसान होने की शर्त में परिवर्तन कर 33 फीसद किया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा, नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव में भाजपा को मिली अपार सफलता को देखने से लगता है कि प्रदेश में संगठन एवं सरकार चुस्त एवं दुरुस्त चल रही है।
जयपुर के जनपथ पर करीब 70 हजार लोगों की सभा में अमित शाह की ओर से इस तारीफ को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ललितगेट विवाद के बाद राजे के लिए स्थितियां काफी मुश्किल भरी रही हैं। शाह ने कहा कि राजस्थान में हर चुनाव में भाजपा को बड़ी कामयाबी मिली है। यह आसान बात नहीं है।
विज्ञापन देकर अपनी प्रशंसा कराना आसान है, लेकिन बार-बार जनादेश मिलना बहुत मुश्किल है। राजस्थान की जनता जिस तरह भाजपा को पसंद कर रही है, उससे साफ लग रहा है कि यहां सरकार और संगठन पूरी तरह चुस्त हैं और इनके समन्वय ने पूरे देश में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार कई बार बनी है, लेकिन इस बार फर्क यह है कि केन्द्र में भी भाजपा की सरकार है और राजे ने इसका फायदा उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कांग्रेस नेता कहते हैं दो साल में कुछ नहीं हुआ, लेकिन हम कहते हैं कि जितना दो साल में हुआ, उतना कांग्रेस राज के 50 साल में नहीं हुआ। इतना जरूर है कि कांग्रेस राज जितने घपले और घोटाले हमारे राज में नहीं हुए।
https://rashtriyadinmaan.com

