LDA द्वारा निर्मित बहुमंजिली आवासीय योजनाओं में फायर आडिट कराये जाने के दिये निर्देश


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने फायर सेफ्टी सिस्टम के सम्बंध में अधिकारियों के साथ की बैठक

500 वर्ग मीटर व 15 मीटर ऊंचाई से अधिक के भवनों का सर्वे कर प्राप्त की जाएगी फायर सिस्टम की जानकारी

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्राधिकरण द्वारा निर्मित अपार्टमेन्टों व नियोजित योजनाओं में 500 वर्ग मीटर से ऊपर बने बहुमंजिली आवास/काॅमर्शियल निर्माण/नर्सिंग होम/स्कूलों में फायर सिस्टम के सम्बंध में गुरूवार को एक अहम बैठक की।
प्राधिकरण भवन के सभागार में आयोजित इस बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, समस्त जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंताओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जोनल अधिकारियों को 500 वर्ग मीटर से अधिक एवं 15 मीटर ऊंचाई से अधिक के भवनों का सर्वे करके फायर सिस्टम की जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से अधिक के स्वीकृत मानचित्रों को सूचीबद्ध करके कार्यवाही के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को उपलब्ध कराया जाये। वहीं, जितने भवनों में अग्निशमन विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किये गये हैं, उनकी सूची मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा प्राधिकरण को उपलब्ध करायी जाए। उपाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2016 के पूर्व से निर्मित/संचालित होटलों में उपलब्ध फायर फाइटिंग व्यवस्था के सम्बन्ध में अग्नि शमन अधिकारी द्वारा जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी, जिसके अनुसार होटल स्वामियों द्वारा फायर फाइटिंग व्यवस्था अपने स्तर से करायी जाएगी।
उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा प्राधिकरण के अपार्टमेन्टों का फायर आॅडिट कराया जाये। इस क्रम में प्राधिकरण के काॅमर्शियल/ग्रुप हाउसिंग योजनाओं में विद्युत सेफ्टी को भी चेक करा लिया जाये। उन्होंने अधिशासी अभियंता (वि0/यां0) को निर्देशित किया कि वह इस सम्बंध में विद्युत विभाग से प्रमाण पत्र निर्गत कराने का कार्य सुनिश्चित करायें। उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण के अपार्टमेन्टों में फायर सिस्टम व विद्युत सुरक्षा की अनदेखी करने वाली निर्माणकर्ता फर्मों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करते हुए इन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाये।
वहीं, पारिजात अपार्टमेंट में अग्निशमन की अनापत्ति के सम्बन्ध में उपाध्यक्ष द्वारा अधिशासी अभियंता जोन-1 को निर्देशित किया गया कि अग्निशमन विभाग द्वारा प्रेषित की गयी आख्या पर तत्काल अग्रिम कार्यवाही पूर्ण की जाये। इसके साथ ही इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए अग्नि शमन विभाग की आपत्ति के निराकरण हेतु सभी सम्बन्धित अधिकारी स्थल का निरीक्षण करके प्रकरण का समाधान सुनिश्चित करायें।


Scroll To Top
Translate »