जम्मू टेरर अटैक: सेना के फाइनल ऑपरेशन में 1 आतंकी ढेर, 2 जवान शहीद


 

-.jpg

जम्मू | जम्मू के सुंजवान आर्मी कैंप पर आतंकी हमले के बाद सेना का फाइनल ऑपरेशन जारी है। हमले की जवाबी कार्रवाई के दौरान अब तक एक आतंकी को मार गिराया गया है जबकि ऑपरेशन में सेना के दो जवान शहीद हुए हैं। वहीं इस हमले में 6 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।इससे पूर्व आतंकी सुंजुवान कैंप के एक फैमिली क्वार्टर में घुसे थे जिसके बाद सेना ने कैंप के सभी आवासीय फ्लैट्स को खाली करा लिया था।

इस संबंध में सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कैंप में मौजूद 26 फ्लैट्स में से 19 को खाली करा लिया गया है और अब यहां किसी भी प्रकार का बंधक संकट नहीं है। सेना ने शनिवार को इस ऑपरेशन की जानकारी दी कि आतंकियों को घेर लिया गया है। आतंकियों से निपटने के लिए पैरा कमांडो की टीम भी आर्मी कैंप पहुंच चुकी है।

सेना के एक अधिकारी ने यहां बताया कि अभी ऑपरेशन जारी है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के खिलाफ सेना सावधानीपूर्वक ऑपरेशन को अंजाम दे रही है ताकि नुकसान को कम किया जा सके। सैन्य अधिकारी ने बताया कि बच्चों और महिलाओं को बचाने के दौरान ही जेसीओ एम अशरफ मीर शहीद हो गए। अधिकारी ने कहा कि आतंकियों को अलग-थलग किया जा चुका है और सेना अंतिम ऑपरेशन की तैयारी कर रही है। खबरों के मुताबिक आर्मी कैंप में 4-5 आतंकियों के होने की खबर है। शाम के वक्त को देखते हुए सेना की ओर से कैंप के आसपास फ्लड लाइट्स और जेनसेट भी लगाए गए हैं जिससे ऑपरेशन के दौरान अंधेरा होने पर भी इसमें व्यवधान उत्पन्न ना हो सके।
गौरतलब है कि सुंजवान आर्मी कैंप में शनिवार तड़के 5 बजे के करीब 4 से 5 हथियारबंद आतंकी घुस गए थे।आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में सैनिकों के साथ अब पैरा कमांडोज भी शामिल हो गए हैं। ये आतंकवादी जेसीओ क्वॉर्टर में भी घुसने में कामयाब हो गए थे। भारतीय जवान अब आतंकवादियों की तलाश के लिए हर कमरे की छानबीन कर रहे हैं। हमले के फौरन बाद उधमपुर से IAF के पैरा कमांडोज को जम्मू एयरलिफ्ट किया गया है।


Scroll To Top
Translate »