जेपी नड्डा, बोले-छोटी सोच वाले प्रदेश का नेतृत्व कैसे करेंगे


लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को लखनऊ में बिना नाम लिए कोरोना नियंत्रण के मुद्दे पर अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग कहते रहे कि वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। यह बीजेपी की वैक्सीन है। ऐसा कर उन्होंने लोगों को भ्रमित किया। ये नेताओं की सोच दर्शाता है। जो लोग ऐसी छोटी सोच रखते हैं वे उत्तर प्रदेश का नेतृत्व कैसे करेंगे? 

नड्डा शनिवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लाक प्रमुखों के स्वागत समारोह में बोल रहे थे। वह मिशन : 2022 की रणनीति बनाने के मद्देनजर यूपी के दो दिनों के दौरे पर हैं। उन्होंने राहुल गांधी को भी बिना नाम लिए जमकर निशाने पर लिया और मौजूद जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। बोले-जब अमेरिका, जर्मनी, इटली और ब्राजील कोरोना प्रबंधन में फेल हो रहे थे तो पीएम ने भारत को कोरोना से लड़ने के लिए तैयार किया।

उन्होंने ताली बजाओ..थाली बजाने का आह्वान कर पूरे देश को इससे लड़ने के लिए मानसिक रूप से तैयार किया। और कुछ नेता दिल्ली में ऐसे हैं कि उन्हें समझ ही नहीं आया। वो अगर समझ जाते तो उनका राजनीति में यह हाल न होता। इन नेताओं ने पीएम पर हमला बोला कि लोगों को भेड़-बकरी समझ रखा है, ये नेता कहते रहे कि वैक्सीन ठीक नहीं है। तीसरे राउंड के बाद लगवाएंगे लेकिन अब कहते हैं, मैंने वैक्सीन लगवा ली। ऐसे नेताओं ने पूरी दुनिया में भारत की छवि गिराई। ये ऐसे दलों के नेता थे, जो कोरोना आते ही छिप गए। पार्टियों ने खुद को क्वारंटीन कर लिया। वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे और ट्वीटर, फेसबुक पर दिख रहे थे। पहले यह कह कर विरोध करते रहे कि लॉकडाउन क्यों लगाया फिर कहते रहे कि लाकडाउन क्यों उठाया?।


Scroll To Top
Translate »