
लखनऊ | यूनिवर्सिटी में प्रॉक्टर और शिक्षकों से मारपीट के मामले में शनिवार को सीएम योगी के निर्देश के बाद लखनऊ के एसएसपी दीपक कुमार को हटा दिया गया है. उनकी जगह बरेली के एसएसपी कलानिधि नैथानी को लखनऊ का नया एसएसपी बनाया गया है. बता दें कि 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी नैथानी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सितंबर में शुरू होने वाला मोहर्रम के निकलने वाले जुलूस की होगी. वहीं लखनऊ के एसएसपी रहे दीपक कुमार का तबादला पीएसी गाजियाबाद किया गया है. ऐसा पहली बार हुआ है कि राजधानी में पुलिस महकमे की कमान किसी जूनियर अधिकारी को सौंपी गई है. बरेली के नए एसएसपी की जिम्मेदारी मुनिराज को दी गई है.
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने स्वत: संज्ञान लेते हुए डीजीपी ओपी सिंह को तलब किया था. बीते शुक्रवार को डीजीपी ओपी सिंह जस्टिस विक्रमनाथ और जस्टिस राजेश सिंह चौहान की कोर्ट में पेश हुए थे. उनके साथ हटाए गए सीओ महानगर अनुराग सिंह और एसपी नार्थ अनुराज वत्स भी हाईकोर्ट पहुंचे थे. लखनऊ यूनिवर्सिटी की घटना पर हाईकोर्ट ने पुलिस से हलफनामा दाखिल करने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को होगी. कोर्ट ने वीसी से यूनिवर्सिटी को सुरक्षित रखने पर सुझाव मांगा है.
इससे पहले डीजीपी ओपी सिंह ने मामले की जांच आईजी लखनऊ रेंज सुजीत पांडे को सौंप दी है. वहीं सीओ महानगर अनुराग सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. इसके अलावा लखनऊ यूनिवर्सिटी के चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है. वारदात में लखनऊ के एसएसपी दीपक कुमार पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
https://rashtriyadinmaan.com
