भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को राजस्थान का और गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष वजूभाई वाला को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इनके अलावा लेखिका और भाजपा की महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष मृदुला सिन्हा को गोवा का तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री सी. विद्यासागर राव को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति भवन से आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार इन राज्यपालों की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी होगी।
वैसे कल्याण सिंह ने कुछ दिनों पहले राज्यपाल का पद लेने से इंकार करते हुए सक्रिय राजनीति में ही बने रहने की इच्छा जाहिर की थी। गौरतलब है कि कल्याण के नाम पर पहले दौर में ही चर्चा हो गई थी, लेकिन उस वक्त उन्होंने साफ तौर पर मना करते हुए कह दिया था कि वो सक्रिय राजनीति में ही बने रहना चाहते हैं। कल्याण सिंह लोध जाति से आते हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस समुदाय के अकेले नेता माने जाते रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
