वाराणसी : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रैली कर ‘मिशन यूपी’ की शुरुआत की. वाराणसी में संबोधन के दौरान सीएम नीतीश ने मंच से शराबबंदी का मुद्दा उठाया. भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भाजपा शासित राज्यों में शराब पर पाबंदी क्यों नहीं लगाते. उन्होंने कहा कि हम संघ मुक्त भारत और शराब मुक्त समाज चाहते हैं. नीतीश ने भाजपा पर जनता को ठगने और वादा खिलाफी का आरोप भी लगाते हुए कहा कि हम अब भी वहीं है और दो साल गुजर चुके हैं.
कहा था सौ दिनों के अंदर वापस ले आयेंगे कालाधन
नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के दौरान देश की जनता से वादा कहा था कि 100 दिनों के अंदर कालाधन वापस ले आयेंगे. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. नीतीश ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था और यह भी कहा था कि कालाधन वापस लाये जाने के साथ ही देश में हर व्यक्ति को पंद्रह लाख रुपये मिलेंगे. लेकिन आज तक इस वादे को पूरा नहीं किया गया.
संघ पर निशाना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लोगों ने आजादी की लड़ाई में भूमिका नहीं निभाई है और आज देशभक्ति की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि आप तिरंगा का नाम लेने लगे, हमारे लिए खुशी की बात है क्योंकि आप तिरंगा के हिमायती तो थे नहीं, भगवा के हिमायती हैं.
महागठबंधन का मजाक उड़ाया करती थी भाजपा
नीतीश ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले हमने जदयू, राजद और कांग्रेस को मिलाकर महागठबंधन बनाया. भाजपा के नेताओं ने राजद व कांग्रेस के साथ जदयू के साथ आने पर हमारा मजाक उड़ाया करती थी. नतीजा आज सबके सामने है और बिहार में महागठबंधन की सरकार है.
बिहार की जनता ने भाजपा को सिखाया सबक
सीएम नीतीश ने कहा कि बिहार की जनता ने महागठबंधन को मजबूत जनादेश दिया और भाजपा को सबक सिखाया. उन्होंने कहा कि जब बिहार में भाजपा को हराया जा सकता है, तो दूसरे प्रदेशों में और देश में भी हराया जा सकता है:
अब समय आ गया है कि दूसरे राज्य भी शराबबंदी को अमल में लाएं
बिहार में शराबबंदी के बाद के प्रभावों का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में शराब बंदी का असर है कि अब तो पीने वाले भी खुश है. उन्होंने कहा कि शराब बंदी को लेकर वह देश के अन्य राज्यों में चलाये जाने वाले अभियान में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी सफल रही है. अब समय आ गया है कि दूसरे राज्य भी शराबबंदी को अमल में लाएं.
शराबबंदी के समर्थन में 15 मई को लखनऊ आ रहा हूं : नीतीश
नीतीश ने कहा कि 15 मई को मैं शराबबंदी के समर्थन में लखनऊ आ रहा हूं. हम अब उत्तर प्रदेश में भी अपने विस्तार की योजना बना रहे हैं. मैं प्रधानमंत्री ने पूछता हूं कि वो भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी क्यों नहीं लागू करते हैं. नीतीश कुमार ने आगे कहा, भाजपा शराब पर पांबदी को लेकर अपनी राय स्पष्ट क्यों नहीं करती. शराबबंदी की मांग पूरे देश में फैल रही है. यह एक सामाजिक अभियान बन चुका है.
https://rashtriyadinmaan.com

