LDA: ग्रीन काॅरिडोर के दोनों तरफ नवीन योजनाओं के लिए आरक्षित की जाएगी जमीन


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने पी0आई0यू0 को सर्वे करके लैंड बैंक तैयार करने के दिये निर्देश

उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण द्वारा शहर में कराये जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को पूर्ण करने हेतु निर्धारित की टाइम लाइन

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण ग्रीन काॅरिडोर के दोनों तरफ जमीन आरक्षित करके भविष्य में यहां काॅमर्शियल एवं बहुमंजिला आवासीय योजनाएं विकसित करेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने परियोजना के क्रियान्वयन हेतु गठित पी0आई0यू0 (प्रोजेक्ट इम्पलीमेन्टेशन यूनिट) के सदस्यों को परियोजना के रूट का सर्वे करके लैंड बैंक तैयार करने के निर्देश दिये हैं। इस क्रम में उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण द्वारा शहर में कराये जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को पूर्ण करने हेतु टाइम लाइन भी निर्धारित किया।

एल्डिको उद्यान-2 में झील को संरक्षित करने के लिए कराये जा रहे कार्य की प्रगति 65 प्रतिशत पायी गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने 15 दिसम्बर तक कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य दिया। इसी तरह यातायात सुधार हेतु ट्रांसपोर्ट नगर योजना के अंतर्गत कराये जा रहे 24 मीटर सड़क के दक्षिणी मार्ग के सुदृढीकरण के कार्य को 31 अक्टूबर तक पूरा कराने के निर्देश दिये गये। इसके अलावा जानकीपुरम योजना में कराये जा रहे सड़कों के सुदृढीकरण व डिवाइडर की मरम्मत आदि के कार्यों में देरी होने पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए सम्बंधित अधिकारियों को चेतावनी दी, उन्होंने उक्त कार्यों को 15 नवम्बर तक पूरा कराने का अल्टीमेटम दिया है। वहीं, चारबाग और पाॅलीटेक्निक चैराहे पर स्थित फुटओवर ब्रिज पर एक्सलेटर/एलीवेटर लगाने के कार्य में सम्बंधित अधिकारियों द्वारा कुछ तकनीकि अड़चन बतायी गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने कहा कि वह स्वयं स्थल का निरीक्षण करके स्थिति देखेंगे। वहीं, ग्रीन काॅरिडोर पार्ट-1 के अंतर्गत गऊ घाट पर सेतु के निर्माण कार्य के सम्बंध में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि निविदा का तकनीकि मूल्यांकन अगले सप्ताह तक हो जाएगा, जिसके बाद कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा।
बैठक के दौरान कुछ अधिकारियों द्वारा कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में नहीं दी गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने उन्हें हिदायत देते हुए कहा कि समस्त प्रचलित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट के साथ स्थल की फोटो भी लगायी जाए, जिससे कि कार्य की भौतिक स्थिति का सही से आकलन किया जा सके।

प्राथमिक स्कूलों का होगा कायाकल्पः
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प हेतु कराये जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का चयन करके वहां रंगाई-पुताई, मरम्मत व स्मार्ट क्लास तैयार करने का काम जल्द शुरू किया जाए। इस कार्य के लिए प्रत्येक जोन से एक-एक अभियंता को नामित कर लिया जाए।

कंसलटेंट के चयन हेतु आमंत्रित की जाएगी ई0ओ0आई0
समीक्षा में यह पाया गया कि प्रोजेक्ट के लिए कंसलटेंट का चयन करने हेतु हर बार नये सिरे से प्रक्रिया करनी पड़ती है, जिसके चलते कार्य लंबित होता है। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि सामान्य दरें निर्धारित करते हुए एक वर्ष के लिए कंसलटेंट का पैनल गठित किया जाए, जिसके लिए ई0ओ0आई0 आमंत्रित करके नियमानुसार कार्यवाही करायी जाए।


Scroll To Top
Translate »