लोकसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए पीएम मोदी को सन्त कबीर की याद आ रही है – मायावती


-
lucknow | बीएसपी सुप्रीमों मायावती ने कबीर की निर्वाण स्थली मगहर में प्रधानमंत्री के दौरे को राजनीति से प्रेरित करार दिया है। मायावती ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए नरेन्द्र मोदी महान संत के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। सूबे की जनता स्वार्थ की सियासत को बखूबी समझने लगी है और अब वह दोबारा छलावे में नहीं आने वाली है।
मायावती ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए पीएम मोदी को सन्त कबीर की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि सन्त कबीर अपनी वाणी और कर्मों से अमर हैं और लोगों के दिलों में वास करते हैं। बीजेपी को उनके नाम पर सस्ती सियासत करने से बाज आना चाहिए। बीएसपी सुप्रीमो ने कहा कि मगहर में 24 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले ‘संत कबीर अकादमी’ के शिलान्यास की आड़ में मोदी ने पूर्वांचल की जनता के साथ छलावा किया है। सिर्फ अकादमी बनाने से पूर्वांचल का विकास शताब्दियों तक संभव नहीं हो पायेगा।
मायावती ने कहा कि बीएसपी सरकार में संत कबीर को पूरा सम्मान दिया गया। संत कबीर नगर के नाम से नया जिला बनाया गया। बीजेपी पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मायावती ने कहा कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए गए थे। विकास की गंगा बहाने, रोजगार देने, बेरोजगारों का पलायन रोकने और किसानों क आय दोगुनी करने जैसे वादे किए गए थे। लेकिन बीजेपी के सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था पहले से जर्जर हुई है। जनहित एवं विकास के मामले में हालात बद्तर होते जा रहे हैं, जिससे जनता त्रस्त है। मायावती ने अलग पूर्वांचल राज्य की हिमायत करते हुए मायावती ने कहा कि बीएसपी सरकार ने अलग राज्य के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पारित किया था, जो केन्द्र सरकार के पास लम्बित है। पीएम मोदी को इस पर तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए।


Scroll To Top
Translate »