भाजपा नेताओं ने ही कराया था केजरीवाल पर मिर्च से हमला : सिसोदिया


सिसोदिया ने मंगलवार को केजरीवाल पर मिर्च पाउडर फ़ेंक कर किए गए हमले का हवाला देते हुए कहा कि हमलावर भाजपा का कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को काम करने से रोकने के सभी हथकंडे नाकाम रहने के बाद भाजपा मुख्यमंत्री की हत्या कराना चाहती है। दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को हुई यह घटना इसी साज़िश का परिणाम है।

मनीष सिसोदिया ने हमले के समय दिल्ली सचिवालय में भाजपा के एक नेता की मौजूदगी की बात सामने आने पर इसकी भी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हमलावर के फेसबुक पेज पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। उसके फेसबुक पेज पर यह सिलसिला पिछले एक माह से चल रहा था। उसके पेज पर भाजपा के नेताओं की फोटो हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल पर हमले के मामले में उपराज्यपाल की ओर से कोई बयान नहीं आया। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केजरीवाल को फोन कर कहा कि आप पुलिस में शिकायत दर्ज करा दें। सिसोदिया ने दिल्ली पुलिस की जांच के तरीके पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह पूछताछ की जा रही है, उससे साफ है कि पुलिस द्वारा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ दोस्ती निभाई जा रही है, क्योंकि पूरे घटनाक्रम को देखने से लगता है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं को हमले की जानकारी थी।


Scroll To Top
Translate »