कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान परीक्षण कराकर नियमानुसार यथाशीघ्र कराया जायेगा: डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय


anoop-chandra-pandey_1530382614
उत्तर प्रदेश अपने राज्य कर्मचारियों को सर्वोत्तम 
वेतन-भत्ते व पेंशनरी लाभ देने वाला अग्रणी राज्य: मुख्य सचिव
 
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमण्डल के साथ मुख्य सचिव की बैठक
लखनऊ |  प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने राज्य कर्मचारियों को सर्वोत्तम वेतन-भत्ते व पेंशनरी लाभ देने वाला अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान परीक्षण कराकर नियमानुसार यथाशीघ्र कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी प्रदेश सरकार के परिवार के सदस्य हैं, उनकी समस्या प्रदेश सरकार की समस्या है।
मुख्य सचिव आज यहां शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमण्डल से उनके द्वारा उठायी गई समस्याओं के समाधान हेतु विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश द्वारा अपने राज्य कर्मचारियों को देय एच0आर0ए0 एवं सी0सी0ए0 धनराशि को दोगुना कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को भारत सरकार के कर्मचारियों की भांति ही डी0ए0 का लाभ दिया जाता है।
डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रतिनिधिमण्डल द्वारा उठाई गई समस्याओं का परीक्षण कराकर यथाशीघ्र निर्णय नियमानुसार कराया जाये।
उन्होंने कहा कि कतिपय समस्याओं के समाधान हेतु उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में समिति का गठन कर यथाशीघ्र निर्णय कराने के हर संभव प्रयास सुनिश्चित कराये जायें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को अपने राज्य कर्मचारियों के साथ मिलकर बेहतर कार्य कर अच्छे रिजल्ट देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राज्य कर्मचारी मेहनती एवं कर्मठ कर्मचारी हैं, जिनका सहयोग प्राप्त कर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के अधिक से अधिक पात्र लोगों को नियमानुसार और अधिक लाभान्वित कराने में कोई कोर कसर नहीं छोड़नी चाहिये।
बैठक में प्रतिनिधिमण्डल में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष श्री एस0पी0तिवारी एवं महामंत्री श्री आर0के0निगम सहित शिक्षक एवं कर्मचारी नेता तथा कृषि उत्पादन आयुक्त/अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा डाॅ0 प्रभात कुमार, अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक श्री मुकुल सिंघल सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »