प्रोजेक्ट माॅनीटरिंग ग्रुप की बैठक में मुख्य सचिव ने दिये निर्देश
लखनऊ| उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने निर्देश दिये कि लखनऊ आई0टी0 सिटी परियोजना के अन्तर्गत आगामी अक्टूबर, 2016 तक न्यूनतम एक हजार लोगों को रोजगार दिये जाने के लक्ष्य के अनुसार निर्धारित कार्यों को निर्धारित समय सारिणी के अनुसार तृतीय त्रैमास के अन्तर्गत दिसम्बर, 2015 तक भूमि के विकास कार्यन्तर्गत पूर्वी दिशा चहारदीवारी का का निर्माण एवं आई0टी0 ब्लाॅक बेसमेंट तथा चतुर्थ त्रैमास के अन्तर्गत माह जनवरी, 2016 से मार्च, 2016 तक भूमि विकास कार्य के अन्तर्गत उत्तरी एवं दक्षिणी दिशा के चहारदीवारी के निर्माण कार्य, कौशल विकास केन्द्र, छात्रावास एवं आई0टी0 ब्लाॅक के भूतल की छत का स्लेब कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना होगा।उन्होंने अर्थ फिलिंग के अवशेष 50 प्रतिशत कार्य को वर्तमान त्रैमास में पूर्ण किये जाने हेतु अवशेष मिट्टी भरे जाने का कार्य वर्तमान माह अक्टूबर में ही पूर्ण करा लिया जाये। उन्होंने आगरा से लखनऊ प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेस-वे परियोजना के कार्यों की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि पावर ग्रिड कार्पोरेशन आॅफ इण्डिया के उच्च अधिकारियों से सम्पर्क कर एच0टी0 लाइन की शिफ्टिंग का कार्य सुनिश्चित कराया जाये, ताकि एक्सप्रेस-वे परियोजना का कार्य निर्धारित माइल स्टोन के अनुसार गुणवत्ता के साथ पूर्ण होने में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में प्रोजेक्ट माॅनीटरिंग ग्रुप की बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने ट्रांस गंगा सिटी परियोजना में भूखण्डों के आवंटन हेतु आवेदन प्राप्त करने की तिथि आगामी 05 नवम्बर तक विस्तारित किये जाने के फलस्वरूप अतिरिक्त भूखण्डों हेतु स्कीम दीपावली के अवसर पर लांच करने के निर्देश दिये। उन्होंने सरस्वती हाईटेेक सिटी नैनी (इलाहाबाद) परियोजना हेतु भूमि का आवंटन का कार्य आगामी नवम्बर माह से प्रारम्भ कराकर अधिकतम 31 अगस्त, 2016 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परियोजना के मार्ग विद्युतीकरण का कार्य आगामी दिसम्बर माह में अवश्य प्रारम्भ कराकर अधिकतम 31 अगस्त, 2016 तक पूर्ण करा लिया जाये। उन्होंने सेण्ट्रलाइज्ड मेगा काॅल सेण्टर परियोजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि आगामी 15 जनवरी तक कुल 300 सीटयुक्त मेगा काॅल सेण्टर अवश्य स्थापित कर क्रियाशील करा दिया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव वित्त श्री राहुल भटनागर, प्रमुख सचिव आई0टी0 श्री आर0के0तिवारी, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास श्री महेश कुमार गुप्ता, सचिव मुख्यमंत्री श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा, प्रबंध निदेशक यू0पी0एस0आई0डी0सी0 श्री मनोज कुमार सिंह सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
