प्रदेश सरकार के समस्त प्रमुख सचिवों एवं सचिवों को ’’सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2015’’ मनाये जाने के दिये निर्देश


आगामी 26 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश में 
मनाया जायेगा ’’सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2015’’ 
kkiu89लखनऊः  प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि नागरिकों को संवेदनशील एवं भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन उपलब्ध कराने हेतु शासन के सभी विभागों में सतर्कता जागरूकता सप्ताह आगामी 26 से 31 अक्टूबर, 2015 तक मनाया जायेगा।
मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन द्वारा प्रदेश सरकार के सभी प्रमुख सचिवों एवं सचिवों को ’’सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2015’’ मनाये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश जारी किए गये हैं। निर्देशों मे कहा गया है कि शासन स्तर पर तथा शासन के नियंत्रणाधीन विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार ’’सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2015’’ आगामी 26 से 31 अक्टूबर तक प्राथमिकता पर मनाने एवं ईमानदारी से कार्य करने तथा भ्रष्टाचार उन्मूलन मे सतत् प्रयासरत् रहने के साथ-साथ शपथ दिलवाने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाये। इस अवसर पर भ्रष्टाचार उन्मूलन के बिन्दु पर गोष्ठियां/सेमिनार तथा अन्य कार्यक्रम भी सुविधानुसार आयोजित कराये जा सकते हैं, जिनमें मीडिया, जागरूक नागरिकों आदि की भागीदारी के लिए भी प्रयास करने के निर्देश दिये गये है।
श्री रंजन ने कहा कि भ्रष्टाचार हमारे विकास के मार्ग की एक बड़ी बाधा है। इसके कारण जन सामान्य को विकास आदि से सम्बन्धित योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं प्राप्त हो पाता है तथा इससे समाज के निर्बल एवं निर्धन वर्ग विशेषतः प्रभावित होते हैं। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशासन का भ्रष्टाचारमुक्त, दक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील होना अत्यन्त आवश्यक है। इसके लिए पर्याप्त ’सतर्कता’ एवं ’भ्रष्टाचार उन्मूलन’ का अपना विशिष्ट महत्व है।
मुख्य सचिव ने कहा है कि यद्यपि ’भ्रष्टाचार उन्मूलन’ का प्रथम दायित्व सम्बन्धित प्रशासकीय विभागों का है, फिर भी उनकी सहायता हेतु तथा उन्हें अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सतर्कता विभाग की अहम भूमिका है। भ्रष्टाचार पर स्पष्ट धारणा है कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोकसेवकों को चिन्हित कर उनकी जांच कराकर प्रभावी कार्यवाही तत्परता से सुनिश्चित की जाये। इस दिशा में अपेक्षित सफलता तभी संभव है, जब प्रदेश में विभिन्न विभागों में कार्यरत लोकसेवकों की सोच एवं मानसिकता में बदलाव आये।
भारत सरकार, नई दिल्ली के सचिव केन्द्रीय सतर्कता से इस सम्बंध में प्राप्त निर्देशों में कहा गया है कि इस वर्ष ये सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2015 का मूल विषय ‘सुशासन के लिये सतर्कता एक निरोधात्मक उपकरण है। केन्द्रीय सतर्कता आयोग द्वारा लोक सेवको के लिए निम्न ’’प्रतिज्ञा’’ दिलाये जाने की अपेक्षा की गई है।
’’हम भारत के लोक सेवक, सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करते हैं कि हम अपने कार्यकलापों के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहेंगे। हम यह प्रतिज्ञा भी करते हैं कि हम जीवन के प्रत्येक क्षेत्र से भ्रष्टाचार उन्मूलन करने के लिए निर्बाध रूप से कार्य करेंगे। हम अपने सामूहिक प्रयासों द्वारा अपने संगठनों को गौरवशाली बनाएंगे तथा अपने देशवासियों को सिद्धान्तों पर आधारित सेवा प्रदान करेंगे। हम अपने कर्तव्य का पालन पूर्ण ईमानदारी से करेंगे और भय अथवा पक्षपात के बिना कार्य करेंगे।’’

Scroll To Top
Translate »