लखनऊ. क्राइम वारदातों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी राजेश कुमार पांडेय सड़क पर उतर आए. उन्होंने एएसपी ट्रांसगोमती, ट्रांसगोमती इलाके में क्षेत्राधिकारी और पुलिस बल के साथ मिलकर सोमवार दोपहर को गस्त करके बाजारों और सड़कों पर सुरक्षा-व्यवस्था परखी।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम के प्रमुख बाजारों एवं गलियों में भ्रमण कर इलाकाई जनता से उनकी समस्याएं और पुलिस ड्यूटी के बारे में भी पड़ताल की। किन स्थानों पर अराजकतत्वों जमावड़ा लगता है? कहां भोली-भाली लड़कियों को गुमराह तथा उनके साथ सरेराह अभद्रता की जा रही है? क्षेत्र के वे कौन लोग हैं, जो आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं? ऐसी तमाम बिन्दुओं पर पड़ताल की गई।
एसएसपी ने छात्राओं से कहा कोई दिक्कत हो तुरंत 100 नम्बर डायल करें
गस्त के दौरान एसएसपी ने स्कूल की छात्राओं समेत राहगीरों से भी पूछताछ की। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि स्कूल से घर आते या जाते समय कोई परेशान तो नहीं करता। या फिर कोई फोन पर तो नहीं परेशान करता। उन्होंने ने छात्राओं को हिम्मत दिलाते हुए कहा अगर उन्हें किसी भी समय पुलिस की आवस्यकता पड़े तो 100 नम्बर डायल करके फौरन पुलिस को सूचना दें। डरे बिल्कुल नहीं। एसएसपी के गस्त के बाद से राजधानी के सभी थानाप्रभारी पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर अपने क्षेत्र की गलियों सड़कों पर प्रतिदिन पसीना बहा रहे हैं।
बताते चलें कि जानकीपुरम निवासी 12वीं की छात्रा की गैंगरेप के दौरान हुई हत्या के बाद घटनाओं की रोकथाम के लिए एसएसपी ने कमर कस ली है। योजना है कि वह हर रोज खुद ही अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त करेंगे, ताकि मातहतों की कार्यशैली का पता चल सके कि वह अपने काम में कितने जिम्मेदार हैं।
वहीं, सोमवार को एसएसपी ने गोमतीनगर स्थित एक स्कूल के पास से इलाके में पुलिस टीम साथ गस्त की। इस दौरान एसएसपी ने ड्यूटी न करने वाले मातहतों को फटकार लगाते हुए कहा कि वह क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी के साथ काम करें और किसी की लापरवाही मिली तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों छात्रा की हत्या को लेकर पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए तो डीजीपी जावीद अहमद बेहद खफा हुए और सूबे के सभी कप्तानों को फरमान जारी करते हुए कहा कि वह मातहतों के चक्कर में न रहे और खुद ही क्षेत्र में गश्त करें। नाराज डीजीपी का निर्देश मिलते ही लखनऊ एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने शनिवार से गस्त करना शुरू किया है। इसके चलते अब अपराधियों में भी खौफ पैदा होगा। सोमवार को पुलिस ने शहर अलावा ग्रामीण इलाकों में भी गस्त की।
https://rashtriyadinmaan.com

