बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी से मिलीं ममता बनर्जी, पांव भी छुए


 

 

 

i9gagdo8_mamta-_625x300_01_August_18

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज संसद भवन में बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान ममता बनर्जी ने आडवाणी के पांव भी छुए. इससे पहले आडवाणी के करीबी रहे चंदन मित्रा बीजेपी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे. आडवाणी के क़रीबी लोगों का कहना हैं कि ये एक रूटीन बैठक है. जब भी ममता बनर्जी संसद सत्र के दौरान दिल्ली आती हैं तो संसद भवन में आडवाणी से मुलाक़ात करती हैं. आज उन्होंने देश में चल रही राजनैतिक मुद्दों पर चर्चा की.

ममता ने आडवाणी के साथ 15 मिनट मीटिंग की. दिलचस्प है कि ममता संसद भवन आने के बाद सबसे पहले आडवाणी से ही मिलीं. इस मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि आडवाणी जी को लंबे समय से जानती हूं, आज उनसे मिलकर उनका हालचाल पूछा.  उन्‍होंने कहा कि मैंने यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा से आग्रह किया है कि वह नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स की वास्तविकता जांचने के लिए एक टीम को असम भेजें.

इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा कि 2019 में बीजेपी के ख़िलाफ़ विपक्ष का साझा नेतृत्व होगा. ममता बनर्जी अपने तीन दिन के दौरे पर दिल्ली में हैं, जहां वो आज कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगी. वहीं दूसरे विपक्षी दलों के नेताओं से भी ममता मिलेंगीं. ममता बनर्जी संसद में दोपहर 12.30 से शाम चार बजे तक विपक्षी दलों के सांसदों से मिलेंगी. वहीं तृणमूल के सांसदों से संसद में मुलाकात करेंगी. शाम पांच बजे वह सोनिया गांधी से उनके घर मिलने जाएंगी. शाम छह बजे कर्नाटक भवन में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा से मुलाकात करेंगी. वहीं रात आठ बजे साउथ एवेन्‍यु में दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगी.

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किये जाने का संकेत देते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा था कि बीजेपी से मुकाबले के लिए विपक्षी मोर्चा सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव में उतरेगा.


Scroll To Top
Translate »