
नई दिल्ली. कठुआ में आठ साल की आसिफा के साथ दरिंदगी और उन्नाव में गैंगरेप के मामले को लेकर देश भर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. सुर्खियों में आए दुष्कर्म के इन मामलों पर केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फांसी की सजा देने की वकालत की है. वहीं बीजेपी सांसद आईपी शर्मा ने भी ऐसे मामलों के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है. बता दें कि उन्नाव गैंगरेप के मामले को लेकर प्रदेश सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक मुश्किलों से घिरी हुई है.
उन्नाव के मामले में जहां बीजेपी विधायक पर आरोप लगने के बाद वह बैकफुट पर है. वहीं जम्मू-कश्मीर के कठुआ में महज मजहबी अलगाव की वजह से आठ साल की आसिफा के साथ दरिंदगी की हदें पार करने वालों को बचाने उतरे नेताओं को लेकर बीजेपी मुश्किल में हैं. यह भी बता दें कि उन्नाव गैंगरेप में हाईकोर्ट में किरकिरी करा चुकी प्रदेश सरकार की सिफारिश पर सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है. सीबीआई ने आरोपी विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है. दूसरी ओर उन्नाव और कठुआ के मामले को लेकर गुरुवार की रात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इंडिया गेट पर कैंडल मार्च भी निकाल मोदी सरकार को घेरा था. इन मामलों के सामने आने के बाद बीजेपी नेता भी अब ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की वकालत कर रहे हैं. बीजेपी सांसद आरपी शर्मा ने दुष्कर्म के दोषियों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने की बात पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे दोषियों को सरेआम जनता के बीच फांसी पर लटका देना चाहिए. यहां तक यह भी कहा कि ऐसे दोषियों को जनता के सामने खड़ा कर गोली मार देनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि यदि कोई बीजेपी नेता भी दुष्कर्म का दोषी पाया जाता है, तो उसे भी यही सजा देनी चाहिए. दूसरी ओर केंद्रीय महिला व बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने शुक्रवार को चंदौली जिले में मौजूदगी के दौरान कठुआ मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ गैंगरेप बेहद निंदनीय है. उन्होंने कहा कि 12 साल या इससे कम उम्र की बच्ची के साथ ऐसी शर्मनाक घटना होती है तो पाक्सो एक्ट के बजाय सीधे मौत की सजा का प्रावधान होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वे खुद इसका प्रस्ताव सरकार के सामने रखेंगी. केंद्रीय मंत्री ने उन्नाव कांड पर कहा कि सरकार इसे गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है. प्रदेश के सीएम इस मामले को लेकर सख्त एक्शन ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि जहां तक उन्हें जानकारी है सीबीआई ने विधायक को अरेस्ट कर लिया है. सरकार इस मामले में कोई समझौता नहीं करेगी. आरोपी कितना ही असरदार क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
https://rashtriyadinmaan.com
