राहुल ने पीएम से कहा- महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर देश आपके जवाब का इंतजार कर रहा है
in Main Slide, राष्ट्रीय, विविध
April 13, 2018
550 Views
नई दिल्ली | कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बार फिर उन्नाव और कठुआ रेप कांड पर प्रधानमंत्री पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ रही हिंसा पर पीएम
नरेंद्र मोदी की चुप्पी अस्वीकार्य है। गुरुवार आधी रात को इंडिया गेट पर इस रेप कांड के विरोध में कैंडल मार्च निकालने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि यह मौका है जब नरेंद्र मोदी को ‘बेटी बचाओ’ के मुद्दे पर खुलकर बोलना चाहिए।
पीएम नरेंद्र मोदी को सीधे तौर पर नाम लेते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘प्रधानमंत्री जी, आपकी चुप्पी अस्वीकार्य है। 1. महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर आपका क्या कहना है?, 2. रेप और हत्या के आरोपियों को राज्य द्वारा क्यों बचाया जा रहा है? देश इंतजार कर रहा है।’ राहुल गांधी ने #SpeakUp के साथ ट्वीट किया।
इससे पहले राहुल गांधी ने उन लोगों का धन्यवाद भी दिया, जो लोग उनके कैंडल मार्च में शामिल होने इंडिया गेट पहुंचे थे। इस दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका और बहनोई रॉबर्ट वाड्रा भी थे। इस दौरान कई और कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का साथ दिया।
2018-04-13