लखनऊ : बसपा प्रमुख मायावती काआज 60वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मायावती ने अपने जन्मदिन पर विरोधी पार्टियों खासकर सपा और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सैफई महोत्सव में उड़ाए गए धन पर सपा की आलोचना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभी तक काला धन वापस न लाने पर कटाक्ष किया। मायावती ने कहा, दलित महापुरुषों के आशीर्वाद से हम जन कल्याण दिवस के रूप में जन्मदिन मनाते हैं जबकि सपा धन की बर्बादी करती है। गुंडों, अराजक तत्वों से केवल बसपा सरकार ही मुक्त करा सकती है। उन्होंने कहा कि अब जब उन्हें मौका मिलेगा तो वे सपा से चुन-चुन कर बदला लेंगी और ब्याज समेत चुकाएंगी। उन्होंने याद दिलाया कि सपा सरकार में दलितों गरीबों और मुसलमानों पर अत्याचार बढ़े हैं।
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, सैफई महोत्सव में बेदर्दी से सरकारी धन बर्बाद किया गया। मुलायम ने अपने 60वें जन्मदिन पर भी धन बर्बाद किया। सपा लोहिया के समाजवाद के विपरीत काम कर रही है। सपा और लोहिया के समाजवाद में जमीन आसमान का फर्क है। लोहिया होते तो मुलायम सिंह को सपा से निकाल देते।
माया ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा, नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग से वादे किए थे उनका एक भी वादा पूरा होता नजर नहीं आता। मोदी ने काला धन वापस लाने की बात कही थी लेकिन अभी तक खाते में 20-25 लाख रुपये नहीं आए। मोदी ने पेट्रोल और डीजल के दाम भी नहीं किए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा, भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा नुकसान मुसलमानों का हुआ। सांप्रदायिक शक्तियों को भाजपा प्रोत्साहित कर रही है। पाकिस्तान के मुद्दे पर भी भाजपा फेल रही . दलितों की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा, दलितों और पिछड़ों की उपेक्षा हो रही है। जनता को सपा से सावधान रहना होगा। दलितों के साथ भेदभाव हो रहा है। प्रदेश की जनता सपा से सावधान रहे। सही वक्त आने पर जवाब दिया जाएगा। मायावती के जन्मदिन पर सभी 75 जिलों में बसपा प्रमुख के जन्मदिन पर समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com

