मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद में 36 सड़कों का लोकार्पण कर कई विकास कार्यों की घोषणा की


 

HT_GZD1GZB04_1517408708_1517408708

 

lucknow |  गाजियाबाद में 36 सड़कों के लोकार्पण कार्यक्रम में बुधवार को लोक निर्माण  मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कई विकास कार्यों की घोषणा की। 72 करोड़ रुपये की लागत से मोहन नगर वजीराबाद रोड की मरम्मत, 119 करोड़ रुपये के खर्च से दिल्ली-मेरठ रोड एनएच 58 का सुदृढ़ईकरण आदि मुख्याकर्षण रहे। इसके अलावा एनएच 24 के शहरी इलाके में पड़ने वाले क्षेत्र को भी नए सिरे से बनाया जाएगा। तीनों प्रोजेक्ट के काम को उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने मंजूरी दी है। मौर्य ने गाजियाबाद जिले के ग्रामीण इलाके में 58 करोड़ की लागत से आधा दर्जन सड़कों के निर्माण की घोषणा की।

दिल्ली से गाजियाबाद को जोड़ने वाले तीन प्रमुख मार्गों का कायाकल्प होगा। मोहननगर से वजीराबाद मार्ग को नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली मेरठ रोड (एनएच-58) का भी सुदृढ़ीकरण होगा, साथ ही एनएच 24 की मरम्मत की जाएगी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द काम इनका काम शुरू हो जाएगा।

गाजियाबाद से दिल्ली तक इन तीन प्रमुख मार्गों से हर रोज लाखों वाहन आते-जाते हैं। वाहनों के दबाव के कारण इन सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। इसके चलते जाम की समस्या बढ़ रही है। दिल्ली को जोड़ने वाली इन मुख्य तीन सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग 203 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इन तीनों सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य इंटर स्टेट कनेक्टिविटी और राज्य योजना के अंतर्गत किया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि इस योजना में मुख्य रूप से मोहननगर-वजीराबाद मार्ग शामिल है। इस मार्ग की मरम्मत पर 72.05 करोड़ खर्च होंगे। एनएच-58 यानी दिल्ली-मेरठ मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर 119.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, दिल्ली-बरेली-लखनऊ मार्ग पर पीडब्ल्यूडी 11.76 करोड़ रुपये खर्च करेंगे।

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग एक्सप्रेस वे बनेगा

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। यह एक्सप्रेस वे 10 लेन का होगा। इसका निर्माण केंद्र सरकार कराएगी। प्रदेश सरकार ने इसके लिए एनओसी दे दी है। एक्सप्रेस वे पर दोनों ओर तीन-तीन लेन की मुख्य सड़क होंगी, जबकि एक-एक लेन अतिरिक्त होगी, ताकि स्थानीय लोग आसानी से आ जा सकें। इस मार्ग के बनने से दिल्ली से सहारनपुर की दूरी कम हो जाएगी, साथ ही लोगों को इसका फायदा होगा।

खजूरी पुस्ता मार्ग का मरम्मत कराया जाएगा

लोक निर्माण विभाग दिल्ली यमनोत्री मार्ग के 18वें किमी से खजूरी पुस्ता मार्ग तक करीब चार किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण भी करेगा। इस पर 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मार्ग के सही होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

तीन मार्गों का चौड़ीकरण होगा

लोक निर्माण विभाग देहात क्षेत्र के तीन मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण करेगा। केंद्रीय मार्ग निधि के अंतर्गत इन तीनों मार्गों पर कुल 58.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से सौंदा, डिडौली, काकड़ा, सलेमाबाद, झाल, रेवड़ी-रेवड़ा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 20.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, दुहाई भिक्कनपुर भदौली, मनोली, हुसैनपुर, रेवड़ी, रेवड़ा मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 19.12 करोड़ और एनएच 58 से शाहपुर, भोवापुर, मोरटी, हिंडन पुस्ता पाइप लाइन मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 19.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

 

 


Scroll To Top
Translate »