
कासगंज. गणतंत्र दिवस पर निकली तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा और उस दौरान गोली चलाकर चंदन गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलीम को गिरफ्तार कर लिया है. सलीम की गिरफ्तारी कासगंज से हुई है. हिंसा और के बाद से ही पुलिस सलीम की तलाश कर रही थी और उसे ढूँढने की जिम्मेदारी यूपी एसटीएफ़ को दी गई थी. 26 जनवरी को हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक इस मामले में 117 लोगों को गिरफ्तार किया है. साम्प्रदायिक हिंसा के मामले में दर्ज 5 एफआईआर के बाद 36 लोगों को अरेस्ट किया गया है, इसके अलावा 81 लोगों को धारा-144 तोड़ने के आरोप में अरेस्ट किया गया है.
कासगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद शहर में आगजनी की 7 एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है. सलीम की गिरफ्तारी की पुष्टि कासगंज पहुंचे एडीजी अजय आनंद ने की. तिरंगा यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हुई झड़प के दौरान सलीम के घर से ही गोली चलाई गयी थी. छत से गोली चलाए जाने की पुष्टि करते हुए कासगंज के डीएम आरपी सिंह ने बताया था कि पोस्टमार्टम के दौरान चंदन के शरीर से मिली गोली के एंगल से पता चला था कि गोली छत से चलायी गई थी. चंदन की हत्या के मामले में सलीम को ही मुख्य आरोपी बनाया गया था.
सलीम घटना के बाद से फरार था और पुलिस ने उसके घर का ताला तोड़कर भी तलाशी ली थी. माना जा रहा है कि सलीम की गिरफ्तारी के बाद कासगंज में हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में आगे भी खुलासा हो सकता है.
https://rashtriyadinmaan.com
